दिल्ली : स्कूल बस ने ई-रिक्शा को टक्कर मारी, 12 वर्षीय छात्रा की मौत
अविनाश
- 14 Jul 2026, 10:13 PM
- Updated: 10:13 PM
नयी दिल्ली, 14 जुलाई (भाषा) उत्तर पश्चिमी दिल्ली के आदर्श नगर इलाके में मजलिस पार्क मेट्रो स्टेशन के पास मंगलवार सुबह एक स्कूल बस और ई-रिक्शा की टक्कर में 12 वर्षीय छात्रा की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।
शुरुआती जांच में पता चला कि कमल सिंह (55) द्वारा चलाई जा रही स्कूल बस ने स्कूली बच्चों को ले जा रहे ई-रिक्शा को टक्कर मार दी।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि टक्कर के दौरान ई-रिक्शा में सवार 12 वर्षीय छात्रा प्रियांशी नीचे गिर गई और बस ने उसे कुचल दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।
इस हादसे के बाद एक स्थानीय जिम कर्मचारी ने दावा किया कि जब बच्ची खून से लथपथ हालत में सड़क पर पड़ी थी, तब लोग उसकी मदद करने के बजाय अपने मोबाइल फोन से वीडियो बनाने में व्यस्त थे।
पास के ही एक जिम में काम करने वाले गोविंदा नामक युवक ने बताया कि वह काम पर जा रहे थे और हादसे के करीब आठ से 10 मिनट के भीतर ही मौके पर पहुंच गए थे, लेकिन वहां का नजारा देखकर दंग रह गए।
गोविंदा ने दावा किया, ''जब मैं वहां पहुंचा, तो बच्ची खून से लथपथ पड़ी थी। लोग वहां खड़े थे, लेकिन कई लोग अपने फोन पर वीडियो बनाने में व्यस्त थे। मैंने तुरंत उसे गोद में उठाया और अस्पताल की ओर भागा।''
उनके अनुसार, उसी ई-रिक्शा में यात्रा कर रहे अन्य बच्चे हाथ जोड़कर लोगों से मदद की गुहार लगा रहे थे।
गोविंदा ने कहा, ''बच्चे रो रहे थे और लोगों से उसे बचाने की मिन्नतें कर रहे थे, लेकिन कई लोग सिर्फ वीडियो रिकॉर्ड कर रहे थे। हम उसे अस्पताल ले गए, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।''
मृतक लड़की की पहचान मुकुंदपुर के रामा गार्डन की रहने वाली प्रियांशी के रूप में हुई। यह हादसा उस वक्त हुआ जब वह सुबह करीब 6.45 बजे स्कूल जा रही थी। पुलिस को सुबह सात बजे दुर्घटना के संबंध में सूचना मिली जिसके बाद एक टीम को घटनास्थल के लिए भेजा गया।
शोकाकुल परिजनों ने बताया कि प्रियांशी और उसकी बड़ी बहन हादसे से ठीक पहले ई-रिक्शा में सवार हुई थीं।
परिजनों ने कहा, ''हमने दोनों बच्चियों को सुरक्षित रूप से बैटरी रिक्शा में बिठाया था। मजलिस पार्क के पास एक बस ने इसे टक्कर मार दी, जिससे छोटी बहन सड़क पर गिर गई और बस के पहिए की चपेट में आ गई।''
प्रियांशी के एक अन्य रिश्तेदार राकेश ने बताया कि उन्हें फोन पर सूचना मिली कि प्रियांशी की इस हादसे में मौत हो गई है।
परिवार ने आरोप लगाया कि स्कूल बस बहुत तेज रफ्तार और लापरवाही से चलाई जा रही थी।
प्रियांशी को बाबू जगजीवन राम मेमोरियल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। ई-रिक्शा में सवार अन्य बच्चे को चोट नहीं आई है।
पुलिस ने बताया कि अपराध शाखा और फोरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।
अधिकारियों ने बताया कि दुर्घटना में शामिल दोनों वाहनों को पुलिस ने कब्जे में ले कर स्कूल बस चालक को हिरासत में ले लिया है।
उन्हेंने बताया कि आदर्श नगर थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है।
भाषा नोमान नोमान अविनाश
अविनाश
1407 2213 दिल्ली