रतलाम में शिक्षक के तबादले पर बच्चों का विरोध प्रदर्शन; कहा- 'राठौर सर लौटेंगे, तभी स्कूल जाएंगे'
खारी
- 14 Jul 2026, 09:53 PM
- Updated: 09:53 PM
रतलाम, 14 जुलाई (भाषा) मध्यप्रदेश के रतलाम जिले के एक गांव के शासकीय प्राथमिक विद्यालय के करीब 40 विद्यार्थियों ने अपने एक शिक्षक का तबादला निरस्त करने की मांग को लेकर मंगलवार को अभिभावकों के साथ जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया और कहा कि वे शिक्षक की वापसी तक विद्यालय नहीं जाएंगे।
शिक्षक बद्रीलाल राठौर के तबादले के विरोध में पिछले कई दिन से रूपनगर के विद्यालय नहीं जा रहे बच्चों ने अपने हाथों में तख्तियां थाम रखी थीं। इनमें से एक तख्ती पर लिखा था,''हम अब स्कूल तभी जाएंगे, जब राठौर सर वापस रूपनगर आएंगे।''
कक्षा पांच की छात्रा तन्वी ने कहा, ''मैं राठौर सर का तबादला रुकवाने आई हूं।"
सोशल मीडिया पर एक वीडियो भी प्रसारित हो रहा है जिसमें शिक्षक के विदाई समारोह के दौरान कई बच्चे रोते दिखाई दे रहे हैं।
बच्चों और उनके अभिभावकों ने जन सुनवाई (आम लोगों द्वारा जिला प्रशासन को अपनी शिकायतें दर्ज कराने की साप्ताहिक व्यवस्था) के दौरान जिलाधिकारी कार्यालय की सीढ़ियों के पास बैठकर जिलाधिकारी मिशा सिंह से मिलने की मांग की। हालांकि, उनकी मुलाकात नहीं हो सकी। बाद में अतिरिक्त जिलाधिकारी ब्रजेंद्र रावत ने उनसे चर्चा की।
बच्चों के अभिभावकों ने चेतावनी दी कि यदि आठ दिन के भीतर राठौर का तबादला निरस्त नहीं किया गया, तो वे जिलाधिकारी कार्यालय परिसर में टेंट लगाकर अनिश्चितकालीन आंदोलन करेंगे।
ग्रामीणों के अनुसार राठौर ने निजी खर्च से विद्यालय में कई सुविधाएं विकसित की हैं और उनके प्रयासों से बच्चों की गणित व अंग्रेजी जैसे विषयों पर पकड़ मजबूत हुई है। गांव के इस विद्यालय में करीब 65 विद्यार्थी पढ़ते हैं।
राठौर के मुताबिक उनके संकुल में 75 शिक्षक हैं, लेकिन प्रशासनिक कारणों का हवाला देते हुए केवल उनका तबादला पिपलोदा क्षेत्र के सेमलिया गांव में 30 जून को कर दिया गया।
अतिरिक्त जिलाधिकारी ब्रजेंद्र रावत ने कहा कि विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों की बात सुनी गई है।
उन्होंने कहा, ''जिला शिक्षा अधिकारी और अन्य संबंधित अधिकारियों से चर्चा की गई है। सभी पक्षों से विचार-विमर्श कर मामले का समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा। यह भी सुनिश्चित किया जाएगा कि बच्चों की पढ़ाई प्रभावित न हो।''
भाषा सं हर्ष खारी
खारी
1407 2153 रतलाम