ओडिशा के मंत्री ने अधिकारियों को भारी बारिश से फसलों को नुकसान का आकलन करने के निर्देश दिए
पवनेश
- 07 Jul 2026, 06:22 PM
- Updated: 06:22 PM
भुवनेश्वर, सात जुलाई (भाषा) ओडिशा में अवदाब के प्रभाव से तीन दिनों तक लगातार हुई बारिश के बाद राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री सुरेश पुजारी ने अधिकारियों को भारी वर्षा से हुए फसल नुकसान का आकलन शुरू करने का निर्देश दिया है।
पुजारी ने सोमवार को समीक्षा बैठक के दौरान कहा कि लगातार बारिश से फसलों को हुए नुकसान का आकलन पूरा होने के 24 घंटे के भीतर प्रभावित किसानों को मुआवजा उपलब्ध कराया जाए।
मंत्री ने कहा कि बैतरणी या राज्य की किसी अन्य नदी में बाढ़ की स्थिति उत्पन्न होती है, तो उससे निपटने के लिए राज्य सरकार पूरी तरह तैयार है।
मंत्री ने स्वीकार किया कि लगातार हो रही बारिश से कुछ इलाकों में फसलों को नुकसान पहुंचा है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन को तत्काल सर्वेक्षण कर फसल नुकसान का आकलन करने और उसकी रिपोर्ट राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग को सौंपने के निर्देश दिए गए हैं।
मंत्री ने कहा कि रथ यात्रा संपन्न होने के बाद राज्य के सभी 30 जिलों के प्रशासन के साथ विस्तृत समीक्षा बैठक की जाएगी। इस बैठक में लगातार बारिश से उत्पन्न होने वाली संभावित आपदाओं से निपटने की तैयारियों और प्रबंधन रणनीतियों पर चर्चा होगी।
जाजपुर जिले के दशरथपुर ब्लॉक के कांटापाड़ा क्षेत्र में बैतरणी नदी की सहायक कानी नदी के तटबंध में कम से कम दो जगह दरारें पड़ने की सूचना है। इनमें एक दरार करीब 70 फीट लंबी है, जबकि दूसरी लगभग 50 फीट लंबी बताई गई है।
राजस्व विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि बाढ़ का पानी पास के कृषि क्षेत्र में भर गया है। उन्होंने कहा कि मलिकापुर, दुदुरांता, शुशुआ, मंगलपुर और कनिकापाड़ा समेत कई पंचायतों में जलभराव की स्थिति है। इसके अलावा, बाढ़ का पानी कुछ निचले इलाकों में भी घुस गया है।
जल संसाधन विभाग के मुख्य अभियंता दिलीप कुमार राउत ने स्वीकार किया कि जाजपुर जिले में दो स्थानों पर बाढ़ का पानी तटबंधों के ऊपर से बहने से कुछ कृषि भूमि जलमग्न हो गई। हालांकि, उन्होंने कहा कि फिलहाल चिंता की कोई बात नहीं है, क्योंकि बैतरणी नदी के अखुआपाड़ा क्षेत्र में जलस्तर लगातार घट रहा है और पानी खतरे के निशान से नीचे बह रहा है।
उन्होंने कहा, "आज और बारिश नहीं होने से स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।"
भाषा तान्या पवनेश
पवनेश
0707 1822 भुवनेश्वर