शाह और रेखा गुप्ता ने दिल्ली में 300 ई-बसों को हरी झंडी दिखाई
माधव
- 07 Jul 2026, 09:30 PM
- Updated: 09:30 PM
नयी दिल्ली, सात जुलाई (भाषा) केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शहर के सार्वजनिक परिवहन ढांचे को मज़बूत करने के लिए मंगलवार को 300 इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
दोनों ने दक्षिण दिल्ली के आरके पुरम में आयोजित एक कार्यक्रम में बहु स्तरीय बस डिपो की आधारशिला भी रखी।
शाह ने कहा, "आज 300 बसों को हरी झंडी दिखाई गई है और शहर के सार्वजनिक परिवहन और स्वच्छ परिवहन को मज़बूत करने के लिए एक बहु स्तरीय बस डिपो की आधारशिला रखी गई है।"
एक आधिकारिक बयान के मुताबिक, इन नई बसों के शामिल होने के साथ दिल्ली का सार्वजनिक बस बेड़ा लगभग 6,600 बसों तक पहुंच गया है, जिनमें 4,845 इलेक्ट्रिक बसें और 1,755 सीएनजी बसें शामिल हैं। दिल्ली सरकार का लक्ष्य वर्ष 2028-29 तक लगभग 14,000 बसों का आधुनिक बेड़ा तैयार करना है।
गुप्ता ने बताया कि आज जिन बसों को बेड़े में शामिल किया गया है, वे लो-फ्लोर, एसी बसें यात्रियों को सुरक्षित, सुविधाजनक और दिव्यांगजन-अनुकूल यात्रा उपलब्ध कराएंगी।
उन्होंने कहा, " प्रत्येक बस में सीसीटीवी कैमरे, पैनिक बटन, रियल-टाइम जीपीएस ट्रैकिंग, यात्री सूचना प्रणाली तथा अन्य आधुनिक सुरक्षा एवं स्मार्ट सुविधाएं उपलब्ध हैं। 'शून्य टेलपाइप' उत्सर्जन वाली ये बसें दिल्ली की वायु गुणवत्ता में सुधार लाने, कार्बन उत्सर्जन कम करने और नागरिकों को शांत, आरामदायक और पर्यावरण-अनुकूल यात्रा अनुभव प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।"
बयान के अनुसार, इनमें 195 'देवी' श्रेणी की 9 मीटर लंबी इलेक्ट्रिक बसें और 105 अत्याधुनिक 12 मीटर इलेक्ट्रिक बसें शामिल हैं।
यह विस्तार दिल्ली सरकार की 'दिल्ली इलेक्ट्रिक वाहन नीति 2026' के अनुरूप है, जिसका मकसद इलेक्ट्रिक वाहनों को अपनाने की गति बढ़ाना, वायु गुणवत्ता में सुधार करना और इलेक्ट्रिक परिवहन के लिए एक सहायक तंत्र तैयार करना है।
नीति के तहत यह ज़रूरी है कि अधिसूचना के बाद दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी) और परिवहन विभाग सिर्फ इलेक्ट्रिक बसें ही शामिल करेंगे।
पिछले साल, डीटीसी ने कुछ मार्गों पर कनेक्टिविटी बेहतर करने के लिए अपनी नौ-मीटर लंबी बसों की संख्या बढ़ाई है।
नई बसों को शामिल करने के लिए केंद्र सरकार की 'पीएम ड्राइव' पहल के तहत संयुक्त रूप से कोष दिया जा रहा है।
बयान के अनुसार, इलेक्ट्रिक बसों के संचालन को मजबूत आधारभूत संरचना उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आज नरेला सेक्टर ए-1 एवं ए-4, रिठाला और कोहाट एन्क्लेव में निर्मित अत्याधुनिक इलेक्ट्रिक बस डिपो का भी उद्घाटन किया गया।
गुप्ता ने कहा, "नरेला सेक्टर ए-1 और ए-4 इलेक्ट्रिक बस डिपो में 250 देवी इलेक्ट्रिक बसों की पार्किंग क्षमता उपलब्ध है। डिपो में आधुनिक पार्किंग बे, आंतरिक सड़कें, परिचालन एवं रखरखाव संबंधी विश्वस्तरीय सुविधाएं विकसित की गई हैं, जिससे दिल्ली की इलेक्ट्रिक परिवहन को और अधिक मजबूती मिलेगी।"
बयान में कहा गया है कि सड़क सुरक्षा को वैज्ञानिक एवं पारदर्शी बनाने की दिशा में नंद नगरी डीटीसी डिपो में विकसित अत्याधुनिक चार लेन ऑटोमेटेड टेस्टिंग स्टेशन का भी लोकार्पण किया गया। इस केंद्र में भारी, हल्के एवं दोपहिया वाहनों की पूर्णतः स्वचालित फिटनेस जांच की जाएगी।
बयान के मुताबिक, यहां प्रतिवर्ष 52,000 भारी एवं हल्के वाहन और 20,000 दोपहिया वाहनों की फिटनेस जांच की क्षमता विकसित की गई है।
भाषा नोमान नोमान माधव
माधव
0707 2130 दिल्ली