कनाडा मंदिर हमला: पवन कल्याण ने ट्रूडो सरकार से हिंदुओं की सुरक्षा के लिए कदम उठाने की अपील की
राजकुमार मनीषा
- 05 Nov 2024, 05:23 PM
- Updated: 05:23 PM
अमरावती, पांच नवंबर (भाषा) कनाडा में हिंदू मंदिर पर हमले को ‘‘छिटपुट घटना से कहीं अधिक’’ करार देते हुए आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण ने कहा है कि इस मामले से उन्हें गहरा दुख हुआ है और उन्हें आशा है कि कनाडा सरकार वहां हिंदू समुदाय की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाएगी।
कल्याण ने सोमवार रात सोशल मीडिया पर किए गए पोस्ट में कहा कि हिंदू वैश्विक अल्पसंख्यक हैं, ऐसे में उन पर बहुत कम ध्यान दिया जाता है, उनके साथ कम एकजुटता दिखाई जाती है और उन्हें आसानी से निशाना बनाया जाता है।
उन्होंने कहा कि उनके (हिंदुओं के) खिलाफ नफरत का हर कृत्य, दुर्व्यवहार का हर मामला उन सभी के लिए एक झटका है जो मानवता और शांति को महत्व देते हैं।
कल्याण ने कहा, ‘‘मुझे यह देखकर बहुत दुख होता है कि पाकिस्तान, अफगानिस्तान और हाल ही में बांग्लादेश जैसे देशों में हमारे हिंदू भाई-बहन उत्पीड़न, हिंसा और अकल्पनीय पीड़ा झेल रहे हैं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘आज कनाडा में एक हिंदू मंदिर और हिंदुओं पर हुआ हमला दिल पर प्रहार है तथा इससे पीड़ा और चिंता दोनों पैदा होती हैं।’’
कल्याण ने कहा कि लेकिन यह कोई छिटपुट घटना नहीं है बल्कि विभिन्न देशों में हिंदुओं के खिलाफ हिंसा एवं लक्षित घृणा की घटनाएं लगातार हो रही हैं, ऐसे में भी वैश्विक नेताओं, अंतरराष्ट्रीय संगठनों और ‘‘तथाकथित शांतिप्रिय’’ गैर सरकारी संगठनों की चुप्पी डराने वाली है।
उन्होंने कहा कि यह केवल करुणा की अपील नहीं है, बल्कि कार्रवाई का आह्वान है, जिसे विश्व को स्वीकार करना चाहिए तथा हिंदुओं की पीड़ा को उसी तत्परता और प्रतिबद्धता के साथ दूर करना चाहिए, जिस तरह वह दूसरों के लिए करता है।
उपमुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘ मैं हृदय से उम्मीद करता हूं कि कनाडा सरकार वहां हिंदू समुदाय के लिए सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करने के वास्ते तत्काल निर्णायक कदम उठाएगी।’’
उन्होंने कहा कि मानवता चुनिंदा करुणा बर्दाश्त नहीं कर सकती और लोगों को कहीं भी, किसी भी समुदाय के उत्पीड़न के खिलाफ अडिग संकल्प के साथ एकजुट होना चाहिए।
पालनाडू जिले में मंगलवार को एक जनसभा में कल्याण ने कहा कि वह केंद्र से अपील कर रहे हैं कि वह कनाडा और बांग्लादेश की स्थिति पर विश्व नेताओं से बात करें, जहां उनके अनुसार हिंदुओं पर हमले हो रहे हैं।
सनातन धर्म का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि यह बड़ा हृदय रखने का धर्म है और अगर मुसलमानों के साथ ‘कुछ’ होता है तो वह उनकी रक्षा करेंगे।
उन्होंने अपील की कि जहां कहीं भी हिंदुओं का ‘दमन और उत्पीड़न’ किया जा रहा है, उसके खिलाफ सभी हिंदू आगे आएं और एकजुट हों।
भाषा राजकुमार