माकपा नेता समेत दो लोग प्रदर्शनकारी चिकित्सकों पर हमले की साजिश के आरोप में गिरफ्तार
जोहेब नेत्रपाल
- 14 Sep 2024, 02:47 PM
- Updated: 02:47 PM
कोलकाता, 14 सितंबर (भाषा) मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के नेता कलातन दासगुप्ता समेत दो लोगों को प्रदर्शनकारी जूनियर डॉक्टरों पर हमला करने की साजिश रचने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।
तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के नेता कुणाल घोष ने एक फोन कॉल की ऑडियो क्लिप जारी थी, जिसके बाद दोनों को गिरफ्तार किया गया। घोष ने आरोप लगाया था कि राज्य में ममता बनर्जी सरकार को बदनाम करने के लिए साल्ट लेक में स्वास्थ्य भवन के बाहर प्रदर्शन कर रहे जूनियर डॉक्टरों पर हमला करने की साजिश रची जा रही है।
पुलिस ने शुक्रवार को जारी ऑडियो क्लिप के संबंध में स्वत: संज्ञान लेते हुए मामला दर्ज किया था। पुलिस ने कहा कि मामले में गिरफ्तार किए गए दूसरे व्यक्ति की पहचान संजीव दास के रूप में हुई है।
पुलिस ने बताया कि दास को शुक्रवार रात दक्षिण कोलकाता के हल्टू से जबकि दासगुप्ता को सेक्टर 5 में स्वास्थ्य भवन के बाहर विरोध प्रदर्शन स्थल से गिरफ्तार किया गया।
पुलिस उपायुक्त अनीश सरकार ने संवाददाता सम्मेलन में कहा, “यह साजिश संभवतः उस दिन रची गई थी, जिस दिन जूनियर चिकित्सक राज्य सचिवालय नबान्न गए थे। तकनीकी विश्लेषण के बाद ऑडियो क्लिप की पुष्टि हो गई है।”
उन्होंने दावा किया, “दास ने पहले ही स्वीकार कर लिया है कि क्लिप में आवाज उनकी ही है।”
सरकार ने कहा कि क्लिप में जिन 'बप्पा', 'साहेब' और 'दादू' का नाम लिया गया है, उनकी पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा, “गिरफ्तार किए गए दोनों लोगों को आज अदालत में पेश किया जाएगा और पुलिस 14 दिन के लिए उनकी हिरासत की मांगेगी।”
माकपा के वरिष्ठ नेता सुजान चक्रवर्ती ने दावा किया कि आरजी कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में चिकित्सक से बलात्कार और हत्या के मामले में जारी विरोध प्रदर्शनों से ध्यान हटाने के लिए ये गिरफ्तारियां की गईं।
उन्होंने मामले की केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) से जांच कराने की मांग करते हुए कहा कि यह देखा जाना चाहिए कि साजिश कितनी गहरी थी।
गिरफ्तारियों के बाद, तृणमूल नेता घोष ने दावा किया कि क्लिप उन लोगों ने ‘‘लीक’’ की थी जो ‘‘चिकित्सकों पर हमले की साजिश रच रहे थे।”
मंगलवार से ही चिकित्सक राज्य स्वास्थ्य विभाग के मुख्यालय स्वास्थ्य भवन के बाहर कई मांगों को लेकर डेरा डाले हुए हैं। उनकी मांगों में सरकारी अस्पतालों में बेहतर सुरक्षा व्यवस्था करना और पिछले महीने आरजी कर अस्पताल में चिकित्सक से बलात्कार तथा उसकी हत्या के मामले में शीर्ष अधिकारियों को हटाना शामिल है।
भाषा जोहेब