पंजाब: सीमा पार हथियार और मादक पदार्थों का नेटवर्क का भंडाफोड़, सात लोग गिरफ्तार
जोहेब
- 26 Jun 2026, 12:45 AM
- Updated: 12:45 AM
चंडीगढ़, 25 जून (भाषा) पंजाब पुलिस ने सीमा पार से चल रहे अवैध हथियार और मादक पदार्थों के एक नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है और इस मामले में एक अफगान नागरिक सहित सात लोगों को गिरफ्तार किया गया है। एक शीर्ष पुलिस अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि उनसे पांच किलोग्राम से अधिक हेरोइन और 10 अत्याधुनिक हथियार बरामद किए गए, जिनमें दो सब-मशीन गन भी शामिल हैं।
पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने बताया कि केंद्रीय एजेंसी के साथ संयुक्त अभियान में अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने उनके पास से 30.38 लाख रुपये भी बरामद किए।
गौरव यादव ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी कथित तौर पर विदेश में बैठे उन संचालकों से जुड़े हुए थे, जो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स के जरिए यह नेटवर्क चला रहे थे।
उन्होंने बताया कि आरोपी खेप प्राप्त करते थे और मादक पदार्थों व अवैध हथियारों को आपराधिक तत्वों तक पहुंचाते थे। उन्होंने यह भी कहा कि यह नेटवर्क विभिन्न स्थानों पर वित्तीय लेनदेन के लिए हवाला चैनलों का भी इस्तेमाल करता था।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान अमृतसर के खुर्मानियां गांव के जसप्रीत सिंह उर्फ कालू (21), मूल रूप से अफगानिस्तान के जलालाबाद के रहने वाले और फिलहाल दिल्ली में रह रहे जगजीत सिंह उर्फ जग्गी (40); अमृतसर के गोपाल शर्मा उर्फ गौरव (21); अमृतसर की राम नगर कॉलोनी के अनिकेत सहोता (21); अमृतसर की गुमटाला कॉलोनी के प्रभजीत सिंह उर्फ प्रभ (26) और अमृतसर के मकबूलपुरा के राजबीर सिंह उर्फ आर्यन (22) के रूप में हुई है।
इसके अलावा एक नाबालिग को भी हिरासत में लिया गया है।
महानिदेशक ने बताया कि अमृतसर के इस्लामाबाद पुलिस थाने में एक प्राथमिकी दर्ज की गई है।
उन्होंने बताया कि मामले में विदेश आधारित नेटवर्क से जुड़े अन्य सहयोगियों की पहचान करने तथा बरामदगी और गिरफ्तारियों का पता लगाने के लिए जांच जारी है।
अमृतसर के पुलिस आयुक्त गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि गोपनीय जानकारी पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने सबसे पहले जसप्रीत कालू और एक किशोर पकड़कर 220 ग्राम हेरोइन बरामद की।
जसप्रीत के खुलासे पर गोपाल और अनिकेत पकड़े गए, जिनके पास से 4.8 किलोग्राम हेरोइन मिली।
इसके बाद पुलिस टीम हवाला ऑपरेटर और अफगान नागरिक जगजीत जग्गी तक पहुंची।
जग्गी से पूछताछ के आधार पर उसके दो और साथियों प्रभजीत और राजबीर को गिरफ्तार किया गया, जिनके ठिकाने से पुलिस ने 10 आधुनिक हथियार और 30.38 लाख रुपये की हवाला राशि बरामद की।
भाषा सुमित जोहेब
जोहेब
2606 0045 चंडीगढ़