राजौरी में नियंत्रण रेखा पर सेना ने घुसपैठ की कोशिश नाकाम की, दो आतंकवादी ढेर
अमित प्रशांत
- 09 Sep 2024, 10:29 PM
- Updated: 10:29 PM
(तस्वीर के साथ)
राजौरी/जम्मू, नौ सितंबर (भाषा) जम्मू कश्मीर में विधानसभा चुनाव के पहले चरण से कुछ दिन पहले राजौरी जिले में नियंत्रण रेखा (एलओसी) पर सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में दो आतंकवादी मारे गए। ये आतंकवादी भारी हथियारों से लैस थे। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि रविवार देर रात नौशेरा सेक्टर के लाम इलाके में उस समय गोलीबारी शुरू हो गई जब सतर्क जवानों ने देखा कि आतंकवादी सीमा पार से इस ओर घुसपैठ करने की कोशिश कर रहे हैं।
जम्मू कश्मीर में विधानसभा चुनाव तीन चरणों में - 18 सितम्बर, 25 सितम्बर और एक अक्टूबर- होंगे।
जम्मू में सेना के जनसंपर्क अधिकारी लेफ्टिनेंट कर्नल सुनील बर्तवाल ने कहा, ‘‘जम्मू कश्मीर पुलिस के साथ संयुक्त अभियान में सेना ने नौशेरा सेक्टर में आतंकवादियों की घुसपैठ की कोशिश को सफलतापूर्वक नाकाम कर दिया। तीस अगस्त से प्राप्त खुफिया सूचनाओं से नौशेरा सेक्टर के दूसरी ओर आतंकवादियों की मौजूदगी का संकेत मिला था। घुसपैठ के सभी संभावित मार्गों पर निगरानी रखी जा रही थी।’’
उन्होंने कहा कि इलाके की निगरानी के लिए जमीनी और हवाई निगरानी उपकरण लगाए गए थे। रक्षा प्रवक्ता ने कहा, "क्षेत्रीय गश्त भी बढ़ा दी गई, जिसमें आतंकवादियों की घुसपैठ को रोकने के लिए अहम इलाकों में सैनिकों को तैनात किया गया।’’
उन्होंने बताया कि आठ सितंबर की रात करीब 7.30 बजे निगरानी दलों ने इलाके में कुछ लोगों की संदिग्ध हरकतें देखीं।
प्रवक्ता ने बताया, ‘‘इसके बाद भीषण गोलीबारी हुई। गोलीबारी रातभर जारी रही। आतंकवादियों पर नजर रखने के लिए यूएवी, रात में देखने में सक्षम कैमरे और अन्य निगरानी उपकरण तैनात किए गए।’’
उन्होंने बताया कि गोलीबारी में दो आतंकवादी मारे गए।
लेफ्टिनेंट कर्नल बर्तवाल ने बताया कि नौ सितंबर की सुबह होते ही इलाके को किसी भी खतरे से मुक्त करने के लिए तलाशी ली गई। उन्होंने बताया, "दो एके-47 राइफल, एक एम-4 राइफल और एक पिस्तौल समेत अन्य हथियार व गोला-बारुद बरामद किया गया।’’
प्रवक्ता ने बताया कि घुसपैठ की इस कोशिश पर सेना की त्वरित और समन्वित प्रतिक्रिया सेना, पुलिस और खुफिया एजेंसियों के बीच तालमेल को दर्शाती है।
उन्होंने कहा, ‘‘इलाके में तलाशी अभियान जारी है। सेना सतर्क है और भविष्य में ऐसी किसी भी कोशिश को विफल करने के लिए प्रतिबद्ध है।’’
भाषा अमित