गहरे दबाव ने पुरी के पास ओडिशा तट को पार किया
योगेश अविनाश
- 09 Sep 2024, 03:34 PM
- Updated: 03:34 PM
भुवनेश्वर, नौ सितंबर (भाषा) बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना गहरा दबाव सोमवार को पुरी के पास ओडिशा तट को पार कर गया। मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने यह जानकारी दी।
भुवनेश्वर के क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र की निदेशक मनोरमा मोहंती ने कहा, "किसी भी प्रणाली को, चाहे वह कम दबाव हो या चक्रवात, तट तक पहुंचने में समय लगता है। वर्तमान गहरे दबाव ने सुबह 10.30 से 11.30 बजे के बीच 55 किमी/घंटा से 65 किमी/घंटा की गति से तट का पार किया।"
इससे पहले आईएमडी ने अपने 11:15 बजे के बुलेटिन में कहा था, "गहरे दबाव के अगले तीन घंटों के दौरान उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ने तथा पुरी के निकट ओडिशा तट को पार करने की संभावना है।"
साथ ही मौसम विभाग ने कहा कि यह गहरा दबाव ओडिशा से होते हुए उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ना जारी रखेगा।
शाम तक इसके गहरे दबाव के रूप में अपनी तीव्रता बनाए रखने तथा नौ सितंबर की मध्य रात्रि तक धीरे-धीरे कमजोर होकर दबाव के रूप में परिवर्तित होने की संभावना है। इसके बाद, अगले 24 घंटों के दौरान इसके छत्तीसगढ़ से होते हुए पश्चिम-उत्तरपश्चिम की ओर बढ़ने का अनुमान है।
मौसम विभाग ने ओडिशा के पांच जिलों - पुरी, जगतसिंहपुर, खुर्दा, कटक और ढेंकनाल में 'रेड अलर्ट' जारी किया है।
आईएमडी ने गंजाम, कोरापुट, कंधमाल, बोलनगीर, बरगढ़, बौध, सोनपुर, जाजपुर, केंद्रपाड़ा, संबलपुर, अंगुल और नयागढ़ जिलों में कुछ स्थानों पर भारी बारिश और कुछ पर अत्यधिक बारिश होने की चेतावनी दी है।
मौसम विभाग ने जानकारी दी कि मछुआरों को 11 सितंबर तक समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी गई है।
इस बीच मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि मलकानगिरी और कोरापुट जिलों में अचानक बाढ़ आने की खबरें हैं। मलकानगिरी में एक बड़ा इलाका जलमग्न हो गया है, वहीं राष्ट्रीय राजमार्ग-326 पर कई जगहों पर बारिश का पानी चार फुट से ऊपर बह रहा है। पिछले तीन दिनों से हो रही भारी बारिश के कारण मलकानगिरी जिले का पोटेरू शहर जलमग्न हो गया है।
आदिवासी बहुल मलकानगिरी जिला बारिश से सबसे ज्यादा प्रभावित हुआ है और जलभराव तथा सड़कों के डूब जाने के कारण बड़े हिस्से का संपर्क टूट गया है।
अधिकारी ने बताया कि बारिश के कारण गंजाम, रायगढ़ा और गजपति जिलों के कई निचले इलाकों में जलभराव की खबर है।
ओडिशा के मुख्य सचिव मनोज आहूजा ने रविवार रात बारिश की स्थिति की समीक्षा की और सभी जिलाधिकारियों को सतर्क रहने तथा निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को निकालने का निर्देश दिया।
भाषा योगेश