भारत ने एफआईएच प्रो लीग में पाकिस्तान को 4 . 3 से हराया
सुधीर
- 23 Jun 2026, 09:56 PM
- Updated: 09:56 PM
लंदन, 23 जून (भाषा ) भारतीय पुरूष हॉकी टीम ने चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान के खिलाफ पिछले एक दशक का अपराजेय अभियान जारी रखते हुए एफआईएच प्रो लीग के लंदन चरण का आगाज 4 . 3 से जीत के साथ किया हालांकि आखिरी क्वार्टर में दो गोल नहीं गंवाये होते तो जीत का अंतर बेहतर होता ।
प्रो लीग की तालिका में आखिरी स्थान पर काबिज पाकिस्तान ने आठवें मिनट में ही नदीम अहमद के गोल के दम पर बढत बना ली । भारत के लिये दूसरे क्वार्टर में 22वें मिनट में अभिषेक ने फील्ड गोल करके बराबरी दिलाई और 24वें मिनट में नीलाकांता शर्मा ने पेनल्टी कॉर्नर तब्दील करके बढत दिला दी । हाफटाइम तक भारत 2 . 1 से आगे था ।
तीसरे क्वार्टर में सुखजीत सिंह ने 40वें मिनट में फील्ड गोल करके बढत 3 . 1 की कर दी । चौथे क्वार्टर में 52वें मिनट में राजिंदर सिंह ने पेनल्टी कॉर्नर पर भारत का चौथा गोल किया तो बड़े अंतर से जीत तय लग रही थी । लेकिन आखिरी क्षणों में गोल गंवाने और डिफेंस के चरमराने की कमजोरी फिर उजागर हुई और पाकिस्तान के लिये महमूद अबू (53वां मिनट) और शकील मोईन (60वां) ने पेनल्टी कॉर्नर पर गोल करके भारत की जीत का अंतर कम कर दिया ।
भारत को अब शुक्रवार को मेजबान इंग्लैंड से खेलना है ।
भारत और पाकिस्तान 2024 में चीन के हुलुनबुइर में हुए एशियाई चैंपियन्स ट्रॉफी मुकाबले के बाद पहली बार एक-दूसरे के सामने थे जब भारत ने हरमनप्रीत सिंह के दो गोल के दम पर 2 . 1 से जीत दर्ज की थी । पाकिस्तान ने आखिरी बार 2016 में भारत को हराया था जब गुवाहाटी में सैफ खेलों में भारत की दूसरे दर्जे की टीम ने भाग लिया था ।
कोच क्रेग फुल्टन को हालांकि आखिरी मिनटों में गोल गंवाने की कमजोरी से पार पाने के लिये मेहनत करनी होगी चूंकि भारत को इस साल विश्व कप और एशियाई खेल जैसे बड़े टूर्नामेंट खेलने हैं । नीदरलैंड और बेल्जियम में अगस्त में होने वाले विश्व कप में पाकिस्तान भारत के ही पूल में है ।
पहले क्वार्टर में धीमी शुरूआत के बाद भारत ने लय हासिल कर ली और इस जीत के बाद अंक तालिका में सातवें स्थान पर पहुंच गया है ।
शुरूआत में दोनों टीमों ने काफी एहतियात के साथ खेला । पाकिस्तान को पहली सफलता आठवें मिनट में मिली जब नदीम ने पेनल्टी कॉर्नर पर गोल कर दिया ।
भारत ने तुरंत जवाबी हमले बोले लेकिन अच्छे मूव को अंजाम तक नहीं ले जा सके । भारत को पहले क्वार्टर के आखिरी मिनट में लगातार तीन पेनल्टी कॉर्नर मिले लेकिन पाकिस्तानी गोलकीपर अली रजा ने भारतीय कप्तान हरमनप्रीत को गोल नहीं करने दिया ।
दूसरे क्वार्टर में दिलप्रीत सिंह का दमदार शॉट रजा ने बचा लिया लेकिन रिबाउंड पर अभिषेक ने गोल करके भारत को बराबरी दिलाई ।
तीन मिनट बाद भारत को एक और पेनल्टी कॉर्नर मिला और नीलाकांता ने रिबाउंड पर गोल करके भारत को बढत दिलाई । रजा ने 28वें मिनट में जुगराज सिंह को और उसके एक मिनट बाद हरमनप्रीत को पेनल्टी पर गोल नहीं करने दिया । हाफटाइम तक स्कोर 2 . 1 था ।
पाकिस्तान ने तीसरे क्वार्टर में कई बार भारतीय सर्कल में प्रवेश किया लेकिन भारतीय डिफेंडरों ने चुस्ती दिखाई । अमित रोहिदास ने पाकिस्तान के नदीम के जवाबी हमलों को नाकाम किया । भारत के लिये 40वें मिनट में अभिषेक के पास पर सुखजीत ने गोल दागा ।
आखिरी क्वार्टर में हालांकि पाकिस्तान ने वापसी की जोरदार कोशिश की । पाकिस्तान को 51वें मिनट में मिले दो पेनल्टी कॉर्नर बेकार गए और भारत ने जवाबी हमले में अगले मिनट में पेनल्टी कॉर्नर बनाया ।
हरमनप्रीत ने चतुराई दिखाते हुए राजिंदर को शॉट लेने का मौका दिया और स्थानापन्न गोलकीपर वकार को छकाते हुए उन्होंने गोल करके भारत को 4 . 1 से बढत दिला दी ।
इससे पहले भारत ने रोटरडम चरण में चार में से दो मैच जीते। हरमनप्रीत सिंह की कप्तानी वाली टीम ने रोटरडम चरण के आखिरी मैच में मेजबान और दुनिया की दूसरे नंबर की टीम नीदरलैंड को 3-2 से हराया। भारत को दूसरी जीत (3-1) मौजूदा विश्व चैंपियन और दुनिया की पांचवें नंबर की टीम जर्मनी के खिलाफ मिली।
अन्य दो मैच में भारत को नीदरलैंड के खिलाफ 2-3 जबकि जर्मनी के खिलाफ 1-2 से हार का सामना करना पड़ा।
भाषा
मोना सुधीर
सुधीर
2306 2156 लंदन