पुलिस से बचने के लिए तालाब में कूदे संदिग्ध गौमांस तस्कर की डूबने से मौत:पुलिस
सं दीप्ति नोमान
- 26 Aug 2024, 11:48 PM
- Updated: 11:48 PM
रूड़की, 26 अगस्त (भाषा) उत्तराखंड के हरिद्वार जिले में रूड़की के पास पुलिस से भागने की कोशिश में एक संदिग्ध गौमांस तस्कर तालाब में कथित रूप से कूद गया जिससे डूबने से उसकी मौत हो गयी । एक अधिकारी ने यह जानकारी दी ।
हालांकि, स्थानीय ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि आरोपी युवक को पुलिस द्वारा पीटा गया और तालाब में धक्का दिया गया।
हरिद्वार के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) प्रमेंद्र डोभाल ने सोमवार को बताया कि घटना माधोपुर में शनिवार रात हुई ।
डोभाल ने बताया कि माधोपुर गांव में कुछ लोगों के गौहत्या में लिप्त होने की सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस की गौवंश संरक्षण टीम गांव में गश्त कर रही थी तथा टीम को एक व्यक्ति स्कूटी पर आता दिखा ।
एसएसपी के मुताबिक, जैसे ही टीम ने स्कूटी पर सवार वसीम उर्फ मोनू को रोकने का प्रयास किया, वह अपनी स्कूटी वहीं पर छोड़कर भाग गया ।
उन्होंने दावा किया कि भागने की कोशिश में वह एक तालाब में कूद गया जिसके बाद उसकी तलाश की गयी, लेकिन अंधेरा होने के कारण उसे ढूंढा नहीं जा सका और रविवार सुबह तालाब से उसका शव बरामद हुआ ।
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर वसीम के परिजन और सैकड़ों अन्य लोग इकट्ठा हो गए और गोवंश संरक्षण टीम को कथित रूप बंधक बनाकर उनके साथ मारपीट की । लोगों ने आरोप लगाया कि वसीम को पुलिस ने पीटा और तालाब में धक्का दे दिया ।
पोस्टमार्टम के लिए वसीम के शव को कब्जे में लेने के लिए पुलिस को भीड़ को खदेड़ना पड़ा ।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया ।
पुलिस ने अलाउद्दीन नाम के एक व्यक्ति के अलावा 100-150 अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है ।
पुलिस ने बताया कि घटना के बाद असामाजिक तत्वों ने सोशल मीडिया पर अनर्गल पोस्ट डालकर उसे धार्मिक रंग देने तथा सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास किया जिससे लेकर भी मुकदमे दर्ज किए गए हैं ।
फिलहाल क्षेत्र में शांति का माहौल है। डोभाल ने कहा कि किसी घटना को बेवजह धार्मिक रंग दिया जाना गलत है।
उन्होंने शरारती तत्वों को चेतावनी देते हुए कहा कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
उधर, घटना की सूचना मिलने के बाद भगवानपुर से कांग्रेस विधायक ममता राकेश सहित कुछ अन्य विधायक पुलिसकर्मियों पर हत्या का मुकदमा दर्ज करने की मांग को लेकर अस्पताल के मुर्दाघर के बाहर धरने पर बैठ गए।
पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हरीश रावत ने भी घटना को गंभीर बताया और कहा कि वह मंगलवार को घटनास्थल पर जाएंगे।
भाषा सं दीप्ति