अनुच्छेद 370 निरस्त किया जाना देश के लिए महत्वपू्र्ण क्षण नहीं था: फारूक अब्दुल्ला
जोहेब पवनेश
- 08 Aug 2024, 09:25 PM
- Updated: 09:25 PM
श्रीनगर,आठ अगस्त (भाषा) नेशनल कान्फ्रेंस के अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला ने बृहस्पतिवार को कहा कि संविधान के अनुच्छेद 370 को निरस्त करना देश के लिए कोई महत्वपूर्ण क्षण नहीं था, जैसा कि हाल ही में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने उल्लेख किया है।
उन्होंने 2019 में जम्मू-कश्मीर से राज्य का दर्जा वापस लेने के बाद यहां हुए जबरदस्त विकास के भाजपा के दावों पर सवाल उठाया।
उन्होंने नयी संसद और अयोध्या में राम मंदिर की छत से बारिश का पानी टपकने का जिक्र करते हुए कहा कि यह देश की "जबरदस्त प्रगति" को दर्शाता है।
जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री अब्दुल्ला ने यहां 'पीटीआई वीडियो' से बात करते हुए भाजपा पर देश को धार्मिक आधार पर विभाजित करने का आरोप लगाया और कहा कि देश को बाहरी चुनौतियों का सामना करने के लिए एकजुट रहना चाहिए।
पांच अगस्त को अनुच्छेद 370 और अनुच्छेद 35 (ए) को निरस्त किए जाने की पांचवीं वर्षगांठ पर मोदी के एक बयान पर अब्दुल्ला ने कहा, "यह देश के लिए नहीं बल्कि उनकी पार्टी के लिए ऐतिहासिक था।"
मोदी ने अनुच्छेद 370 हटाए जाने को देश के लिए एक महत्वपूर्ण क्षण करार देते हुए कहा था कि इससे जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में प्रगति व समृद्धि के नए युग की शुरुआत हुई।
अब्दुल्ला ने कहा, "जब संविधान का निर्माण हुआ था, तब वे कहां थे? वे एक हिंदू भारत चाहते थे। लेकिन (जवाहरलाल) नेहरू, (सरदार वल्लभभाई) पटेल, (बी आर) आंबेडकर... उस समय के सभी नेताओं ने कहा-नहीं।"
उन्होंने कहा कि भारत एक धर्मनिरपेक्ष देश है जो विविधता में एकता में विश्वास करता है।
अब्दुल्ला ने कहा, "कश्मीर और तमिलनाडु या असम और बंगाल या महाराष्ट्र के बीच क्या समानता है? हम एक-दूसरे की भाषा नहीं बोलते, हमारी सांस्कृतिक चीजें एक जैसी नहीं हैं, हमारी खान-पान की आदतें अलग-अलग हैं...लेकिन यही वह बात है जो हम सभी को एक उज्ज्वल, मजबूत भारत बनाने के लिए एकजुट करती है, जो सभी के लिए है, चाहे आपका धर्म, जाति, भाषा या संस्कृति कुछ भी हो।''
उन्होंने कहा कि पाकिस्तान एक मुस्लिम देश बना और भारत ने कहा कि "नहीं, हम एक बहु-धार्मिक देश हैं, एक बहुभाषी देश हैं, जिसमें अनेक भाषाएं हैं, और हम ऐसे ही रहेंगे।"
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, ''लेकिन उस समय संघ (राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ) अनुच्छेद 370 पर सहमत था। इसलिए यह सरकार नहीं, संघ है जो यह कर रहा है। ये भारत के लोग नहीं, ये वो लोग हैं। यह शुरुआत से ही उनके घोषणापत्र में था।''
अनुच्छेद 370 के अधिकतर प्रावधानों को हटाए जाने के बाद से जमीनी स्तर पर कोई बदलाव नजर आने के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा, "बहुत बड़ा बदलाव हुआ है। लोग बेरोजगार हैं, आर्थिक स्थिति बहुत खराब है और अधिकारी, जो यहां एक भी स्थान या गांव को नहीं जानते, शासन कर रहे हैं। तो यह बदलाव है।"
नए संसद भवन और अयोध्या में राम मंदिर में पानी के रिसाव की हालिया घटनाओं पर उन्होंने कहा, "यह बहुत अच्छी बात है। हम विकास कर रहे हैं। संसद में पानी टपक रहा है और (लोकसभा) चुनाव में जीत सुनिश्चित करने के लिए बनाए गए राम मंदिर भी पानी लीक हो रहा है। बहुत अच्छी प्रगति हुई है। हम जबरदस्त प्रगति कर रहे हैं।"
भाषा
जोहेब