बेंगलुरु में महिला के साथ अश्लील हरकत करने के आरोप में फ्लिपकार्ट का प्रतिनिधि गिरफ्तार
संतोष
- 12 Jul 2026, 05:58 PM
- Updated: 05:58 PM
बेंगलुरु, 12 जुलाई (भाषा) कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में एक महिला के घर में घुसकर उसके साथ अश्लील हरकत करने के आरोप में ई-कॉमर्स कंपनी फ्लिपकार्ट के एक प्रतिनिधि को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि महिला की शिकायत के आधार पर मराठाहल्ली थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं 75, 79 और 329(2) के तहत अपराध संख्या 345/2026 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है।
इस बीच, फ्लिपकार्ट ने कहा कि वह इस घटना से बेहद व्यथित है।
ई-कॉमर्स कंपनी ने एक बयान में कहा, ''हम इस घटना से बेहद व्यथित हैं और प्रभावित ग्राहक को हरसंभव सहायता प्रदान कर रहे हैं। ग्राहकों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जा सकता।''
पुलिस ने कहा कि आरोपी विजय मल्लिकार्जुन कामत को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
यह मामला तब सार्वजनिक रूप से चर्चा में आया जब सोशल मीडिया मंच 'एक्स' के एक उपयोगकर्ता ने आरोप लगाया कि फ्लिपकार्ट का एक प्रतिनिधि (डिलीवरी कर्मी) एक महिला के घर में उसके शौचालय में जबरन घुस गया और और उसके सामने अश्लील हरकत की।
उपयोगकर्ता ने 'एक्स' पर बेंगलुरु पुलिस को टैग करते हुए लिखा, ''एक बेहद परेशान करने वाली घटना हुई है, जिसमें फ्लिपकार्ट का एक प्रतिनिधि एक महिला के शौचालय में जबरन घुस गया और उसके साथ अश्लील हरकत की। यह बेहद गंभीर है। महिलाएं अपने घरों में भी सुरक्षित नहीं हैं। इस मामले में कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।''
इस पोस्ट का संज्ञान लेते हुए बेंगलुरु शहर पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के लिए शिकायत को व्हाइटफील्ड के पुलिस उपायुक्त को भेज दिया। बाद में व्हाइटफील्ड प्रभाग के पुलिस उपायुक्त ने पुष्टि की कि मराठाहल्ली थाने में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।
व्हाइटफील्ड प्रभाग के पुलिस उपायुक्त ने 'एक्स' पर कहा, ''मराठाहल्ली थाने में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और मामले की जांच जारी है।''
पुलिस ने कहा कि इस मामले की विस्तृत जांच जारी है। इस घटना के संबंध में फ्लिपकार्ट की ओर से अब तक कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
फ्लिपकार्ट ने बयान में कहा कि जैसे ही यह मामला उसके संज्ञान में आया, उसने तत्काल संबंधित प्रतिनिधि (डिलीवरी पार्टनर) की सेवाएं समाप्त कर दीं।
कंपनी ने कहा, ''इस मामले में प्राथमिकी दर्ज की जा चुकी है और हम जांच एजेंसियों के साथ पूरा सहयोग करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं।''
फ्लिपकार्ट ने कहा कि सभी प्रतिनिधियों को काम पर रखने से पहले उनकी पृष्ठभूमि का सत्यापन किया जाता है और उन्हें अनिवार्य प्रशिक्षण प्रदान किया जाता है।
कंपनी ने कहा कि इस प्रकार की घटनाएं अत्यंत दुर्लभ हैं, लेकिन ऐसी एक भी घटना स्वीकार्य नहीं है।
फ्लिपकार्ट ने कहा, ''हम इस मामले की गहन समीक्षा कर रहे हैं ताकि यह पता लगाया जा सके कि ग्राहकों की सुरक्षा संबंधी हमारी प्रक्रियाओं को और अधिक मजबूत बनाने के लिए कोई अतिरिक्त कदम उठाए जा सकते हैं या नहीं।''
भाषा रवि कांत रवि कांत संतोष
संतोष
1207 1758 बेंगलुरु