एयर फोर्स वन विमान के बारे में खबर छापने को लेकर न्यूयॉर्क टाइम्स के पत्रकारों को समन
नेत्रपाल
- 11 Jul 2026, 09:33 PM
- Updated: 09:33 PM
वाशिंगटन, 11 जुलाई (एपी) ट्रंप प्रशासन ने नए 'एयर फोर्स वन' विमान से जुड़ी सुरक्षा संबंधी चिंताओं पर रिपोर्ट प्रकाशित करने को लेकर न्यूयॉर्क टाइम्स के कई पत्रकारों को समन जारी किया है।
यह नया विमान राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को कतर की ओर से उपहार में मिला था और पिछले सप्ताह ही इसे आधिकारिक सेवा में शामिल किया गया।
न्यूयॉर्क टाइम्स के मुताबिक, शुक्रवार को जारी किए गए समन के जरिए पत्रकारों को बुधवार को मैनहट्टन में एक संघीय 'ग्रैंड जूरी' के समक्ष गवाही देने के लिए मजबूर करने की कोशिश की जा रही है। साथ ही, यह भी बताया गया है कि संघीय अधिकारियों ने पत्रकारों को उनके घरों पर कुछ समन थमाए।
टिप्पणी के अनुरोधों पर, व्हाइट हाउस या न्याय विभाग की ओर से फिलहाल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।
अखबार के वकील डेविड मैकक्रॉ ने एक बयान में कहा, ''संवाददाताओं के दरवाजे पर संघीय कानून प्रवर्तन अधिकारियों का दिखना, संविधान और इससे मिली प्रेस की आज़ादी में विश्वास रखने वाले किसी भी अमेरिकी को झकझोर कर रख देने वाला है।''
राष्ट्रपति ट्रंप इस सप्ताह नए एयर फोर्स वन विमान से, तुर्किये में आयोजित नाटो शिखर सम्मेलन में पहुंचे थे। हालांकि, बुधवार को उन्होंने इंग्लैंड के सफ़ोक स्थित रॉयल एयर फोर्स के मिल्डेनहॉल एयरबेस के लिए पुराने एयर फोर्स वन विमान से उड़ान भरी। नया विमान भी मिल्डेनहॉल पहुंचा, जहां ट्रंप ने विमान बदला और 'ज्वाइंट बेस' एंड्रूज लौटने के लिए नए एयर फोर्स वन से रवाना हुए।
अचानक विमान बदलने का यह घटनाक्रम ऐसे समय में हुआ, जब ईरान के साथ संघर्षविराम टूट गया। इसके बाद अमेरिका ने ईरान पर हवाई हमले किए, जबकि तेहरान ने तीन खाड़ी देशों पर हमला किया। ईरान और तुर्किये की साझा सीमा होने के कारण अटकलें लगाई जाने लगीं कि कतर की ओर से उपहार में मिले इस विमान में, जिस पर लगभग 40 करोड़ अमेरिकी डॉलर खर्च कर जरूरी बदलाव किए गए हैं, कुछ अत्याधुनिक सुरक्षा प्रणालियों का अभाव हो सकता है।
अखबार ने अज्ञात सूत्रों के हवाले से बताया कि अमेरिकी 'सीक्रेट सर्विस' की सलाह पर विमान बदला गया था। रिपोर्ट के अनुसार, नए एयर फोर्स वन विमान में पुराने विमान की तुलना में कुछ उन्नत सुरक्षा सुविधाएं, विशेष रूप से मिसाइल-रोधी प्रणाली, उपलब्ध नहीं थीं।
राष्ट्रपति ट्रंप ने किसी भी सुरक्षा चिंता से इनकार किया। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि मिल्डेनहॉल में विमान के रुकने का उद्देश्य वहां तैनात सैन्यकर्मियों को नया एयर फोर्स वन विमान दिखाना था। उड़ान के दौरान ट्रंप ने उनके साथ यात्रा कर रहे पत्रकारों से कहा कि ईरान से जुड़े किसी सुरक्षा खतरे के कारण दोनों विमानों को अमेरिका वापस नहीं लाया गया।
उनसे जब पूछा गया कि क्या उन्हें एयर फोर्स वन को ईरान की ओर से कोई खतरा होने का अंदेशा है, ट्रंप ने सवाल को टालते हुए कहा, ''मुझे हर समय खतरा रहता है। मैं उनकी सूची में पहले नंबर पर हूं।''
एपी सुभाष नेत्रपाल
नेत्रपाल
1107 2133 वाशिंगटन