वियतनाम नौका दुर्घटना: आंध्र प्रदेश के तीन लोगों की मौत, दो अस्पताल में भर्ती
पवनेश
- 11 Jul 2026, 10:31 PM
- Updated: 10:31 PM
अमरावती, 11 जुलाई (भाषा) वियतनाम के फू क्वोक द्वीप के पास एक पर्यटक नौका पलटने से आंध्र प्रदेश के तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग अस्पताल में भर्ती हैं। आंध्र प्रदेश सरकार के सूत्रों ने शनिवार को यह जानकारी दी।
सूबे के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने वियतनाम नौका हादसे में राज्य के तीन लोगों की मौत पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि घायल दो पर्यटकों का इलाज किया जा रहा है।
आंध्र प्रदेश सरकार के सूत्रों ने 'पीटीआई-भाषा' को बताया,'' वियतनाम नाव हादसे में आंध्र प्रदेश के तीन लोगों की मौत हुई है। हम भारतीय दूतावास और वियतनाम के अधिकारियों के साथ समन्वय कर रहे हैं तथा प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। आधिकारिक जानकारी मिलने के बाद आगे की जानकारी साझा की जाएगी।''
सूत्रों के अनुसार, 32 भारतीय पर्यटकों और चार चालक दल के सदस्यों को लेकर जा रही पर्यटक स्पीडबोट एन थोई पोर्ट लौटते समय फू क्वोक द्वीप के पास पलट गई।
इस हादसे में 15 भारतीय पर्यटकों की मौत हो गई, जबकि 21 लोगों को बचा लिया गया। बचाए गए लोगों में 17 यात्री और चालक दल के चार सदस्य शामिल हैं।
मुख्यमंत्री नायडू ने बताया कि आंध्र प्रदेश के 33 लोग वियतनाम गए थे, जिनमें से 19 लोग उस नाव में सवार थे। इनमें से तीन लोगों की मौत हुई, जबकि बाकी यात्रियों को बचा लिया गया।
हादसे की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने राहत कार्यों और पर्यटकों की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि बचाए गए लोगों की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित की जाए। नायडू ने एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा, ''अधिकारी मृतकों के परिवारों के संपर्क में रहें और उन्हें हर आवश्यक सहायता उपलब्ध कराएं।''
उन्होंने दिल्ली स्थित आंध्र प्रदेश भवन के अधिकारियों को भी निर्देश दिया कि वे वियतनामी अधिकारियों और भारतीय दूतावास के साथ समन्वय कर प्रभावित पर्यटकों और परिवारों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराएं।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार इस हादसे में जान गंवाने वाले राज्य के लोगों की पहचान एन. आदिशेषैया रवि तेजा- हिंदूपुरम, श्री सत्य साई जिला, मुडियम श्रीधर - कडप्पा जिला और गेल्ली जयलक्ष्मी-मछलीपट्टनम, कृष्णा जिले के तौर पर की गई है।
इस हादसे पर प्रतिक्रिया देते हुए रवि तेजा के भाई ने बताया कि 41 वर्षीय रवि तेजा मोबाइल फोन वितरकों के लिए कंपनी द्वारा आयोजित 'इंसेंटिव ट्रिप' पर आठ जुलाई को वियतनाम गए थे।
उन्होंने पत्रकारों से कहा,''हमें सुनने में आ रहा है कि उनकी नाव दुर्घटना में मौत हो गई है, लेकिन आधिकारिक पुष्टि न होने के कारण अभी भी इस पर विश्वास करना मुश्किल है।''
इसी तरह, श्रीधर के परिवार के सदस्यों ने बताया कि वह आठ जुलाई को कडप्पा से चेन्नई, फिर बैंकॉक होते हुए वियतनाम गए थे। उन्हें दो दिन बाद लौटना था।
परिवार के एक सदस्य ने कहा,'' हमें दुर्घटना की सूचना देने के लिए फोन आया, लेकिन अभी भी यकीन नहीं हो रहा। हम उनके शव को देखने के बाद ही इसे स्वीकार कर पाएंगे।''
एक अन्य रिश्तेदार ने बताया कि श्रीधर की यात्रा का खर्च एक मोबाइल फोन कंपनी ने उठाया था, क्योंकि वह कडप्पा जिले में उस कंपनी के वितरक थे।
उन्होंने कहा,'' कंपनी के कर्मचारी नईम ने हमें घटना की जानकारी दी। बाद में वियतनाम के डॉक्टरों ने उनकी मौत की पुष्टि की।''
परिवारों ने अधिकारियों से शवों को जल्द से जल्द आंध्र प्रदेश लाने की व्यवस्था करने की अपील की है।
भाषा शोभना पवनेश
पवनेश
1107 2231 अमरावती