ओडिशा में पंचायत एवं शहरी चुनाव में हो सकती है देरी: राज्य निर्वाचन आयोग
अविनाश
- 10 Jul 2026, 08:37 PM
- Updated: 08:37 PM
भुवनेश्वर, 10 जुलाई (भाषा) ओडिशा के राज्य निर्वाचन आयोग (एसईसी) ने शुक्रवार को कहा कि अगले साल के आरंभ में होने वाले पंचायत और निकाय चुनाव जनगणना के कारण एक-दो महीने के लिए टल सकते हैं।
राज्य निर्वाचन आयोग ने अगले साल होने वाले पंचायत और निकाय चुनावों की तैयारियों पर चर्चा के लिए 21 जुलाई को एक बैठक बुलाई है। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
आयोग के सचिव संतोष कुमार दास ने पत्रकारों को बताया, ''वैसे तो तीन-स्तरीय पंचायत चुनाव फरवरी 2027 में होने हैं, लेकिन इनमें थोड़ी देरी हो सकती है क्योंकि जनगणना का काम मार्च 2027 के पहले हफ्ते तक चलेगा। इसलिए, ग्राम चुनाव (ग्राम पंचायतों, पंचायत समितियों और ज़िला परिषदों) के लिए अधिसूचना अप्रैल-मई 2027 में जारी होने की संभावना है।''
उन्होंने कहा कि शहरी चुनावों के तुरंत बाद ग्राम चुनाव होंगे।
उन्होंने कहा कि ग्राम चुनाव के लिए अधिसूचना जारी होने तक निर्वाचन आयोग की एसआईआर गतिविधियां पूरी हो जाएंगी और अंतिम मतदाता सूची तैयार हो जाएगी।
दास ने कहा कि सितंबर 2026 में निर्वाचन आयोग की मतदाता सूची मिलने के बाद, राज्य निर्वाचन आयोग घर-घर जाकर सर्वे करेगा ताकि चुनाव प्रक्रिया को और बेहतर बनाया जा सके।
उन्होंने कहा कि इसके साथ ही, बूथ-वार सर्वे भी किया जाएगा ताकि यह पक्का किया जा सके कि किसी खास वार्ड के मतदाता एक ही बूथ पर वोट डालें।
एक सवाल का जवाब देते हुए एसईसी सचिव ने कहा कि चूंकि जनगणना का काम मार्च के पहले हफ़्ते तक चलेगा, इसलिए ग्राम चुनाव कराना मुमकिन नहीं है क्योंकि जनगणना के काम में वही कर्मचारी लगे होंगे।
उन्होंने बताया कि इस बीच, राज्य निर्वाचन आयोग ने अलग-अलग राजस्व संभागों के दौरों के दौरान सभी जिलाधिकारियों के साथ बातचीत की है।
उन्होंने कहा कि अगली बैठक 21 जुलाई को पूर्वाह्न 11.30 बजे राज्य निर्वाचन आयुक्त एम.एस. पाढ़ी की अध्यक्षता में होगी।
जिला प्रशासनों को भेजे गए पत्र में कहा गया है कि सभी जिलाधिकारियों के अलावा, शहरी स्थानीय निकायों के चुनाव के लिए नोडल अधिकारी के तौर पर काम कर रहे अवर जिलाधिकारी (एडीएम), मतदाता पंजीकरण अधिकारी (ईआरओ), सहायक मतदाता पंजीकरण अधिकारी (एईआरओ) और अन्य अधिकारी भी बैठक में शामिल होंगे।
इस बैठक में पिछली समीक्षा बैठकों में लिए गए निर्णयों के अनुपालन का भी मूल्यांकन किया जाएगा और चुनाव से जुड़ी गतिविधियों को समय पर पूरा करने के लिए विभिन्न कदमों पर चर्चा की जाएगी।
भाषा
राजकुमार अविनाश
अविनाश
1007 2037 भुवनेश्वर