भाजपा ने 'विदेश में छुट्टियां मनाने' के लिए राहुल गांधी पर साधा निशाना
रंजन
- 10 Jul 2026, 07:39 PM
- Updated: 07:39 PM
नयी दिल्ली, 10 जुलाई (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर कथित तौर पर ''विदेश में छुट्टियां मनाने'' के लिए शुक्रवार को निशाना साधा और उन्हें एक ''अगंभीर राजनेता'' बताया जो छात्रों का इस्तेमाल सिर्फ राजनीतिक मकसद के लिए करते हैं।
सत्तारूढ़ दल ने दावा किया कि गांधी की गैरमौजूदगी के कारण इस महीने उनके निर्धारित छात्र संवाद कार्यक्रम रद्द करने पड़े हैं।
भाजपा के आरोपों पर कांग्रेस की ओर से फिलहाल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।
भाजपा की यह टिप्पणी गांधी के तीन निर्धारित छात्र संवाद कार्यक्रम कथित तौर पर रद्द किए जाने के बाद आई है।
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता तुहिन सिन्हा ने गांधी की अनुपस्थिति पर सवाल उठाते हुए दावा किया कि वह करीब दो सप्ताह से सार्वजनिक कार्यक्रमों में नजर नहीं आए हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि गांधी ''छुट्टियां मनाने में व्यस्त हैं'' और उन्होंने राजनीतिक गतिविधियों के बजाय छुट्टियों को प्राथमिकता दी है।
उन्होंने कहा, ''यह बेहद हैरान करने वाली बात है कि राहुल गांधी ने अपने तीन निर्धारित छात्र संवाद कार्यक्रम रद्द कर दिए हैं, क्योंकि ऐसा लगता है कि वह पूरी तरह छुट्टियां मनाने में व्यस्त हैं। उनका ध्यान अपनी छुट्टियों पर केंद्रित नजर आ रहा है।''
सिन्हा ने 'पीटीआई-भाषा' से कहा, ''आमतौर पर छात्रों को छुट्टी की जरूरत होती है, क्योंकि वे परीक्षाओं की तैयारी करते-करते थक जाते हैं। यहां छात्र शायद उतनी छुट्टियां नहीं मना रहे हैं, लेकिन राहुल गांधी, जिन्होंने अपनी राजनीति के लिए छात्रों का इस्तेमाल किया है, लंबी छुट्टी पर चले गए हैं, जिसके कारण तीन छात्र रैलियां रद्द करनी पड़ीं।''
सिन्हा ने गांधी को ''अगंभीर राजनेता'' बताते हुए कहा कि उन्हें छात्रों की कोई चिंता नहीं है और वह अपनी ''दुर्भावनापूर्ण'' राजनीति के लिए उनका इस्तेमाल कर रहे हैं।
सिन्हा ने गांधी पर निशाना साधते हुए कहा, ''वह केवल राजनीतिक उद्देश्यों के लिए छात्रों का इस्तेमाल करते हैं और उनकी राजनीति में दुर्भावना साफ तौर पर नजर आती है।''
भाजपा प्रवक्ता ने सोशल मीडिया पर एक पोस्टर भी साझा किया, जिसमें कथित तौर पर रद्द किए गए कार्यक्रमों को दिखाया गया। उन्होंने दावा किया कि गांधी की आखिरी सार्वजनिक मौजूदगी 19 जून को हुई थी और उसके बाद से उन्होंने न तो कोई रैली की है, न संवाददाता सम्मेलन और न ही किसी अन्य सार्वजनिक कार्यक्रम में हिस्सा लिया है।
उन्होंने कहा, ''यह बेहद शर्मनाक है कि राहुल गांधी अपनी छुट्टियों के सिलसिले से बाहर नहीं निकल पा रहे हैं। इसी वजह से उनके पहले से तय तीन कार्यक्रम रद्द कर दिए गए हैं।''
भाषा आशीष रंजन
रंजन
1007 1939 दिल्ली