वायनाड भूस्खलन: खरगे, राहुल ने दुख जताया, कार्यकर्ताओं से बचाव कार्य में सहयोग की अपील की
सुरेश
- 07 Jul 2026, 07:56 PM
- Updated: 07:56 PM
नयी दिल्ली, सात नवंबर (भाषा) कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने मंगलवार को केरल के वायनाड में हुए जानमाल के नुकसान पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना प्रकट की तथा पार्टी कार्यकर्ताओं से राहत एवं बचाव कार्य में हरसंभव सहयोग देने की अपील की।
केरल के मुख्यमंत्री वी. डी. सतीशन ने मंगलवार को कहा कि वायनाड जिले के कल्लाडी में हुए भूस्खलन में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि सात अन्य घायल हुए हैं और सात लोग लापता हैं।
यह भूस्खलन कल्लाडी में मीनाक्षी पुल के पास हुआ, जहां कोझिकोड और वायनाड जिलों को जोड़ने वाली सुरंग सड़क परियोजना का काम चल रहा था।
राहुल गांधी ने 'एक्स' पर पोस्ट कर कहा, ''जिन परिवारों ने अपने प्रियजन को खोया है, उनके प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। मेरी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं इस आपदा से प्रभावित सभी लोगों के साथ हैं।''
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि राहत एवं बचाव अभियान जारी है और अब भी मलबे में फंसे लोगों तक पहुंचने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने कांग्रेस और संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) के कार्यकर्ताओं से इस कठिन समय में हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने की अपील की।
अतीत में वायनाड का लोकसभा में प्रतिनिधित्व कर चुके राहुल गांधी ने कहा, ''वायनाड ने पहले भी विपरीत परिस्थितियों का साहस के साथ सामना किया है और इस त्रासदी की घड़ी में हम हर प्रभावित परिवार के साथ मजबूती से खड़े रहेंगे।''
राहुल गांधी ने एक अन्य पोस्ट में कहा कि भीषण बारिश से कई राज्यों, विशेषकर महाराष्ट्र और हिमाचल प्रदेश में, भारी तबाही और अनेक लोगों की मृत्यु का समाचार अत्यंत दुखद है।
उन्होंने कहा, ''कांग्रेस कार्यकर्ताओं से अनुरोध है कि संकट की घड़ी में प्रशासन और लोगों की हरसंभव सहायता करें। सभी से आग्रह है कि प्रशासन की सलाह का पालन करें और सतर्क रहें। आपके और आपके परिवार की सुरक्षा सबसे महत्वपूर्ण है।''
खरगे ने 'एक्स' पर पोस्ट किया, ''वायनाड में हुए भूस्खलन की घटना अत्यंत दुखद और हृदयविदारक है। इस भीषण त्रासदी में अपने प्रियजन को खोने वाले सभी परिवारों के प्रति मैं अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं। इस आपदा से प्रभावित सभी लोगों के साथ मेरी संवेदनाएं और प्रार्थना है।''
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सतीशन स्वयं राहत एवं बचाव कार्यों की लगातार निगरानी कर रहे हैं, और जरूरतमंदों तक समय पर सहायता पहुंचाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।
खरगे ने कहा, ''मैं कांग्रेस और यूडीएफ के सभी कार्यकर्ताओं से अपील करता हूं कि वे इस कठिन समय में प्रभावित परिवारों के साथ खड़े रहें और उन्हें हरसंभव सहायता एवं सहयोग प्रदान करें। हम वायनाड के लोगों और इस त्रासदी से प्रभावित सभी परिवारों के साथ एकजुटता के साथ खड़े हैं।''
वायनाड से लोकसभा सदस्य प्रियंका गांधी वाद्रा ने कहा कि भूस्खलन में फंसे लोगों को निकालने के लिए सभी प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि पुलिस, राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ), राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) और नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवियों के दल मौके पर राहत एवं बचाव कार्य में जुटे हैं तथा राज्य के मुख्यमंत्री वी डी सतीशन राहत कार्यों की निगरानी कर रहे हैं।
प्रियंका गांधी ने कहा कि जिला प्रशासन, संबंधित मंत्रियों, स्थानीय पार्टी पदाधिकारियों और अन्य एजेंसियों के साथ लगातार समन्वय किया जा रहा है।
उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि कांग्रेस इस कठिन समय में प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी रहेगी और उन्हें हरसंभव सहायता उपलब्ध कराएगी।
उन्होंने भी यूडीएफ के कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और आम लोगों से प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए राहत एवं बचाव कार्य में सहयोग करने की अपील की।
भाषा हक हक सुरेश
सुरेश
0707 1956 दिल्ली