वायनाड भूस्खलन: राहुल, प्रियंका ने दुख जताया, कार्यकर्ताओं से बचाव कार्य में सहयोग की अपील की
माधव
- 07 Jul 2026, 06:39 PM
- Updated: 06:39 PM
नयी दिल्ली, सात नवंबर (भाषा) कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने मंगलवार को केरल के वायनाड में हुए जानमाल के नुकसान पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना प्रकट की तथा पार्टी कार्यकर्ताओं से राहत एवं बचाव कार्य में हरसंभव सहयोग देने की अपील की।
केरल के वायनाड जिले में कल्लाडी सुरंग परियोजना के पास हुए भूस्खलन के बाद जिला प्रशासन ने मंगलवार को आसपास रहने वाले परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाना शुरू कर दिया। साथ ही लापता सात लोगों की तलाश के लिए अभियान तेज किया गया है।
राहुल गांधी ने 'एक्स' पर पोस्ट कर कहा, ''जिन परिवारों ने अपने प्रियजन को खोया है, उनके प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। मेरी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं इस आपदा से प्रभावित सभी लोगों के साथ हैं।''
लोकसभा नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि राहत एवं बचाव अभियान जारी है और अब भी मलबे में फंसे लोगों तक पहुंचने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने कांग्रेस और संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) के कार्यकर्ताओं से इस कठिन समय में हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने की अपील की।
अतीत में वायनाड का लोकसभा में प्रतिनिधित्व कर चुके राहुल गांधी ने कहा, ''वायनाड ने पहले भी विपरीत परिस्थितियों का साहस के साथ सामना किया है और इस त्रासदी की घड़ी में हम हर प्रभावित परिवार के साथ मजबूती से खड़े रहेंगे।''
वायनाड से लोकसभा सदस्य प्रियंका गांधी वाद्रा ने कहा कि भूस्खलन में फंसे लोगों को निकालने के लिए सभी प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि पुलिस, राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ), राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) और नागरिक सुरक्षा स्वयंसिवयों के दल मौके पर राहत एवं बचाव कार्य में जुटे हैं तथा राज्य के मुख्यमंत्री वी डी सतीशन राहत कार्यों की निगरानी कर रहे हैं।
प्रियंका गांधी ने कहा कि जिला प्रशासन, संबंधित मंत्रियों, स्थानीय पार्टी पदाधिकारियों और अन्य एजेंसियों के साथ लगातार समन्वय किया जा रहा है।
उन्होंने मृतकों के परिजन के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि कांग्रेस इस कठिन समय में प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी रहेगी और उन्हें हरसंभव सहायता उपलब्ध कराएगी।
उन्होंने यूडीएफ के कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और आम लोगों से प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए राहत एवं बचाव कार्य में सहयोग करने की अपील की।
भाषा हक हक माधव
माधव
0707 1839 दिल्ली