उप्र के मुख्यमंत्री ने प्रयागराज मण्डल के लोक निर्माण विभाग के विकास कार्यों की समीक्षा की
सुभाष
- 07 Jul 2026, 12:44 AM
- Updated: 12:44 AM
लखनऊ,छह जुलाई (भाषा) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को प्रयागराज मंडल की समीक्षा करने के दौरान निर्देश दिया कि सभी सांसद और विधायक अपने-अपने निर्वाचन क्षेत्रों की आवश्यकताओं के अनुसार विकास कार्यों की प्राथमिकता तय करें।
उन्होंने कहा कि स्थानीय जरूरतों को ध्यान में रखते हुए योजनाओं का चयन किया जाए और जो निर्माण कार्य सबसे ज्यादा जरूरी हो, उसका प्रस्ताव प्राथमिकता पर दें।
मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में जनपद प्रयागराज में मेला प्राधिकरण स्थित आईसीसीसी सभागार में प्रयागराज मण्डल के लोक निर्माण विभाग के विकास कार्यों की समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई।
एक बयान के अनुसार, बैठक में प्रमुख सचिव लोक निर्माण ने गत वर्ष स्वीकृत परियोजनाओं की अद्यतन प्रगति से मुख्यमंत्री को अवगत कराते हुए वर्ष 2026-27 के लिए विधानसभा क्षेत्र-वार प्रस्तावित विकास कार्यों का विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया। इसके बाद मुख्यमंत्री ने प्रयागराज मण्डल के कुल 28 विधानसभा क्षेत्रों (प्रयागराज 12, प्रतापगढ़ 07, फतेहपुर 06 तथा कौशाम्बी 03) से प्राप्त प्रस्तावों की क्रमवार समीक्षा की तथा सभी जनप्रतिनिधियों से उनके सुझाव एवं प्रतिक्रिया प्राप्त किए।
मुख्यमंत्री ने वर्ष 2026-27 के लिए प्रयागराज जनपद में लगभग 9,668.27 करोड़ रुपये लागत से प्रस्तावित 1,168 कार्यों, जनपद प्रतापगढ़ में लगभग 2,053.36 करोड़ रुपये लागत के 1,092 कार्यों, जनपद फतेहपुर में लगभग 3,378.37 करोड़ रुपये लागत के 521 कार्यों तथा जनपद कौशाम्बी में लगभग 915.13 करोड़ रुपये लागत के 313 विकास कार्यों को अनुमोदित किया।
बैठक में प्रयागराज में शास्त्री पुल के समानान्तर सलोरी/बघाड़ा से हेतापट्टी मार्ग पर गंगा जी पर प्रस्तावित पुल की प्रगति की समीक्षा भी की गई।
मुख्यमंत्री ने परियोजना को निर्धारित समयसीमा में पूर्ण कराने, आईआईटी से आवश्यक तकनीकी परीक्षण कराते हुए गुणवत्ता सुनिश्चित करने तथा जनप्रतिनिधियों के साथ सतत् समन्वय स्थापित कर निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
समीक्षा के दौरान कांवड़ यात्रा के समय जी0टी0 रोड पर बढ़ने वाले यातायात दबाव को कम करने के उद्देश्य से पुल के समानान्तर कांवड़ पथ विकसित करने का प्रस्ताव दिया गया। मुख्यमंत्री ने इस प्रस्ताव का परीक्षण कर आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए, जिससे कांवड़ यात्रियों की सुविधा सुनिश्चित होने के साथ-साथ सामान्य यातायात एवं व्यापारिक गतिविधियां भी निर्बाध रूप से संचालित हो सकें।
भाषा जफर सुभाष
सुभाष
0707 0044 लखनऊ