रंधावा की गृह मंत्री से मुलाकात को राजनीतिक रंग देना गलत: कांग्रेस नेता
राजकुमार
- 03 Jul 2026, 08:16 PM
- Updated: 08:16 PM
जयपुर, तीन जुलाई (भाषा) राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत एवं कांग्रेस के अन्य नेताओं ने पार्टी सांसद सुखजिंदर सिंह रंधावा की केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात को राजनीतिक रंग दिए जाने को गलत बताया है।
इन नेताओं के अनुसार इस मुलाकात को राजनीतिक चश्मे से देखने के बजाय राष्ट्रीय सुरक्षा के व्यापक संदर्भ में समझा जाना चाहिए।
कांग्रेस के राजस्थान प्रभारी और पंजाब से सांसद रंधावा ने शुक्रवार को नयी दिल्ली केंद्रीय गृह मंत्री शाह से मुलाकात कर पंजाब में कानून-व्यवस्था की स्थिति, पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवाद, 'नार्को-आतंकवाद' तथा गैंगस्टरों के बढ़ते प्रभाव का मुद्दा उठाया और कहा कि यदि केंद्र सरकार मौजूदा स्थिति को राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए खतरा मानती है तो उसे प्रभावी कदम उठाने चाहिए।
रंधावा की शाह से इस मुलाकात के बाद राजनीतिक अटकलें लगने पर गहलोत एवं कांग्रेस की राजस्थान इकाई के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने उनका बचाव किया।
गहलोत ने कहा,''रंधावा का परिवार पंजाब के सबसे सम्मानित परिवारों में से एक है। उनके पिता एवं पूर्व पंजाब कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष संतोख सिंह रंधावा ने पंजाब में अशांति के समय बिना डरे देश की एकता, अखंडता का खुलकर पक्ष लिया। वह उन गिने-चुने राजनेताओं में से थे जिन्होंने उग्रवाद के खिलाफ सार्वजनिक मंचों से आवाज उठाई।''
उन्होंने कहा, ''जाहिर है कि देशहित में खड़े रहने के कारण उन्हें और उनके परिवार को लगातार धमकियां मिलती रही हैं। ऐसे में उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना पूरी तरह से सरकार की नैतिक और संवैधानिक जिम्मेदारी है।''
गहलोत ने कहा कि इस गंभीर विषय को लेकर यदि वह केंद्रीय गृह मंत्री से मुलाकात करते हैं, तो एक सामान्य और आवश्यक प्रक्रिया को अनावश्यक रूप से राजनीतिक रंग देना या उसका गलत प्रचार करना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और अनुचित है।
डोटासरा ने भी रंधावा का बचाव करते हुए लिखा कि पंजाब की पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार में गृह मंत्री रहते हुए रंधावा द्वारा देश-विरोधी ताकतों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने एवं राष्ट्रहित के मुद्दे पर उनका लगातार विरोध करने के कारण रंधावा परिवार को लंबे से समय से धमकियां मिलती रही है।
उन्होंने कहा, ''इन्हीं गंभीर विषयों को लेकर आज रंधावा ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की है। इसे राजनीतिक चश्मे से देखने के बजाय राष्ट्रीय सुरक्षा के व्यापक संदर्भ में समझा जाना चाहिए।''
डोटासरा ने कहा कि ऐसे गंभीर विषय पर अनावश्यक राजनीतिक बयानबाजी करना न तो पंजाब के हित में है और न ही देश के क्योंकि राष्ट्रहित दलगत राजनीति से हमेशा बड़ा होता है।
भाषा पृथ्वी राजकुमार
राजकुमार
0307 2016 जयपुर