दिल्ली में अधिकतम तापमान 35.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज
सुरेश
- 03 Jul 2026, 11:08 PM
- Updated: 11:08 PM
नयी दिल्ली, तीन जुलाई (भाषा) दिल्ली में मानसून के एक दिन बाद शुक्रवार को भी आसमान में बादल छाए रहे और अधिकतम तापमान 35.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.6 डिग्री कम है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने सप्ताहांत में हल्की बारिश और गरज के साथ छींटे पड़ने का पूर्वानुमान जताया है।
शहर के आधार मौसम केंद्र सफदरजंग में अधिकतम तापमान 35.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं पालम में 36.1 डिग्री (सामान्य से 1.7 डिग्री कम), लोधी रोड में 35.8 डिग्री (सामान्य से 0.2 डिग्री कम), रिज क्षेत्र में 36.9 डिग्री (सामान्य से 0.2 डिग्री अधिक) और आयानगर में 35.3 डिग्री सेल्सियस (सामान्य से 2.8 डिग्री कम) तापमान दर्ज हुआ।
आईएमडी के अनुसार, सुबह 8.30 बजे सापेक्ष आर्द्रता 83 प्रतिशत और शाम 5.30 बजे 73 प्रतिशत दर्ज की गई।
आईएमडी ने बताया कि रात के समय बादल गरजने और बिजली चमकने तथा हल्की बारिश की संभावना है।
मौसम विभाग के वैज्ञानिक के अनुसार, आने वाले सप्ताह में राष्ट्रीय राजधानी में हल्की बारिश होने की संभावना है।
आईएमडी के वैज्ञानिक अखिल श्रीवास्तव ने कहा कि सप्ताहांत और अगले सप्ताह के दौरान बादल छाए रहेंगे।
उन्होंने बताया कि हवाओं की गति 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे से बढ़कर 50-60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है तथा पांच जुलाई को बारिश की गतिविधियां अधिक रह सकती हैं।
सुबह के समय दिल्ली में आसमान में बादल छाए रहे, जबकि सफदरजंग स्थित आधार मौसम केंद्र में न्यूनतम तापमान 28.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.2 डिग्री अधिक है।
आंकड़ों के अनुसार, पालम में न्यूनतम तापमान 25.9 डिग्री सेल्सियस (सामान्य से 1.9 डिग्री कम), लोधी रोड में 28.0 डिग्री (सामान्य से 1.0 डिग्री अधिक), रिज में 24.6 डिग्री (सामान्य से 0.9 डिग्री कम) और आयानगर में 25.8 डिग्री सेल्सियस (सामान्य से 1.0 डिग्री कम) दर्ज किया गया।
इस बीच, केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 107 दर्ज किया गया, जो 'मध्यम' श्रेणी में आता है।
सीपीसीबी के अनुसार, शून्य से 50 तक एक्यूआई को 'अच्छा', 51-100 को 'संतोषजनक', 101-200 को 'मध्यम', 201-300 को 'खराब', 301-400 को 'बहुत खराब' और 401-500 को 'गंभीर' श्रेणी में रखा जाता है।
भाषा
राखी सुरेश
सुरेश
0307 2308 दिल्ली