भारत-मलेशिया ने रक्षा संबंध मज़बूत करने, साइबर सुरक्षा के क्षेत्र में सहयोग के तरीकों पर चर्चा की
सुरेश
- 02 Jul 2026, 01:14 AM
- Updated: 01:14 AM
नयी दिल्ली, एक जुलाई (भाषा) भारत और मलेशिया ने बुधवार को यहां आयोजित एक महत्वपूर्ण बैठक के दौरान अपने द्विपक्षीय सैन्य सहयोग के समूचे परिदृश्य की समीक्षा की। इस दौरान दोनों पक्षों ने रक्षा प्रौद्योगिकी और साइबर सुरक्षा के क्षेत्रों में सहयोग के विस्तार के अवसरों पर भी चर्चा की।
रक्षा मंत्रालय के अनुसार, भारत-मलेशिया की सैन्य सहयोग पर उप-समिति (एससीएमसी) की 12वीं बैठक संयुक्त रूप से रक्षा मंत्रालय के संयुक्त सचिव अमिताभ प्रसाद और मलेशियाई सशस्त्र बलों के रक्षा संचालन एवं प्रशिक्षण के सहायक प्रमुख मेजर जनरल ए. महमूद बिन अब्दुल रहमान की अध्यक्षता में आयोजित हुआ।
मंत्रालय ने एक बयान में कहा, ''दोनों पक्षों ने द्विपक्षीय सैन्य सहयोग के पूरे क्षेत्र की समीक्षा की और हासिल की गई निरंतर प्रगति पर संतोष व्यक्त किया।''
चर्चा में जारी रक्षा संबंधी गतिविधियां शामिल रहीं, जिनमें दोनों देशों के बीच सैन्य आदान-प्रदान, द्विपक्षीय अभ्यास, प्रशिक्षण, स्टाफ वार्ता, क्षमता निर्माण, समुद्री सहयोग तथा उभरते क्षेत्रों में सहयोग शामिल हैं।
मंत्रालय ने कहा, ''दोनों पक्षों ने नियमित द्विपक्षीय गतिविधियों के सफल संचालन को स्वीकार किया और रक्षा बलों के बीच सहयोग को और मजबूत करने पर सहमति जताई।''
प्रतिनिधिमंडलों ने रक्षा उद्योग, रक्षा प्रौद्योगिकी, साइबर सुरक्षा तथा मानवीय सहायता और आपदा राहत के क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने के अवसरों पर भी चर्चा की।
दोनों पक्षों ने आसियान रक्षा मंत्रियों की बैठक-प्लस (एडीएमएम-प्लस) ढांचे में एक-दूसरे की सक्रिय भागीदारी की सराहना की और आतंकवाद-रोधी विशेषज्ञ कार्य समूह के तहत व्यावहारिक सहयोग को आगे बढ़ाने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
मंत्रालय ने कहा, ''दोनों पक्षों ने क्षेत्रीय और वैश्विक सुरक्षा विकास पर विचारों का आदान-प्रदान किया और अंतरराष्ट्रीय कानून के अनुरूप हिंद-प्रशांत क्षेत्र में शांति, स्थिरता, सुरक्षा और नौवहन की स्वतंत्रता बनाए रखने की अपनी साझा प्रतिबद्धता दोहराई।''
बैठक में भारत-मलेशिया उन्नत रणनीतिक साझेदारी के प्रमुख स्तंभ के रूप में रक्षा सहयोग को और मजबूत करने के महत्व पर जोर दिया गया।
दोनों पक्षों ने पारस्परिक विश्वास, साझा हितों और सुरक्षित, स्थिर एवं समृद्ध हिंद-प्रशांत के साझा दृष्टिकोण के आधार पर द्विपक्षीय रक्षा संबंधों को और गहरा करने की प्रतिबद्धता दोहराई।
मलेशियाई प्रतिनिधिमंडल ने रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह से भी मुलाकात की और नयी दिल्ली स्थित वर्ल्ड ट्रेड सेंटर के डीपीएसयू भवन का दौरा किया।
बैठक से पूर्व मलेशियाई प्रतिनिधिमंडल प्रमुख ने यहां राष्ट्रीय समर स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित करके भारत के शहीद नायकों को श्रद्धांजलि दी।
भाषा अमित सुरेश
सुरेश
0207 0114 दिल्ली