मैक्सिको के खिलाफ खेलते समय ऊंचाई का इक्वाडोर पर असर पड़ने की संभावना कम
मोना
- 30 Jun 2026, 06:17 PM
- Updated: 06:17 PM
मैक्सिको सिटी (मैक्सिको), 30 जून (एपी) हो सकता है कि ऊंचाई के कारण मैक्सिको को मौजूदा फुटबॉल विश्व कप के ग्रुप चरण में शानदार प्रदर्शन करने में मदद मिली हो लेकिन राउंड ऑफ 32 में इक्वाडोर के खिलाफ उसे वैसा फायदा मिलने की संभावना नहीं है।
मैक्सिको ने टूर्नामेंट के इतिहास में पहली बार ग्रुप चरण के सभी मैच जीते लेकिन उसके अजेय अभियान के साथ एक शर्त भी जुड़ी थी। तीनों जीत समुद्र तल से 5,000 फीट (1,524 मीटर) से अधिक ऊंचाई वाले आयोजन स्थलों पर मिलीं।
मैक्सिको ने अपने छह में से पांच गोल मध्यांतर के बाद किए, शायद इसलिए क्योंकि दूसरी टीम पर थकान का असर दिखने लगा था।
टूर्नामेंट से पहले मैक्सिको के फुटबॉल आयुक्त मिकेल एरिओला ने कहा था, ''मेजबान देश होने के नाते हमें बहुत बड़ा फायदा है क्योंकि हम एस्टाडियो एज्टेका में अपने प्रशंसकों और ऊंचाई के बीच खेल रहे हैं। यह बहुत असरदार माहौल है।''
मैक्सिको के पिछले विरोधियों के उलट इक्वाडोर को मैक्सिको सिटी के एज्टेका में लगभग 7,300 फीट (2,200 मीटर) की ऊंचाई पर खेलने में आसानी होनी चाहिए। फीफा ने टूर्नामेंट के दौरान इस स्टेडियम को 'मैक्सिको सिटी स्टेडियम' नाम दिया है।
दक्षिण अमेरिकी देश इक्वाडोर अक्सर क्विटो में 9,000 फीट (2,743 मीटर) से अधिक ऊंचाई पर अपने घरेलू मैच खेलता है और मैक्सिको की तरह ही उसने भी अपने स्थलों का फायदा उठाया है। इक्वाडोर की टीम क्वालीफाइंग के दौरान घरेलू मैदानों पर अजेय रही और उसने क्विटो में उरुग्वे, चिली, पेरू और वेनेजुएला को हराया।
वे अर्जेंटीना के साथ उन चुनिंदा देशों में शामिल हो गए जिन्होंने बोलीविया में क्वालीफायर मैच जीता जो लगभग 12,000 फीट (3,657 मीटर) की ऊंचाई पर अपने घरेलू मैच खेलता है।
इक्वाडोर के शानदार घरेलू रिकॉर्ड में ऊंचाई एक अहम वजह रही है इसलिए इक्वाडोर फुटबॉल महासंघ ने कुछ क्वालीफाइंग मैच गुआयाकिल में कराने का फैसला किया जो समुद्र तल के करीब है जिससे कि यह साबित किया जा सके कि उनकी टीम हर तरह के माहौल में मुकाबला कर सकती है।
उन्होंने कम ऊंचाई पर अर्जेंटीना को हराकर और ब्राजील के साथ मैच ड्रॉ कराकर ऐसा ही किया। अच्छे नतीजों ने इक्वाडोर के कोच सबेस्टियन बेकासेसे का आत्मविश्वास बढ़ाया है और उन्हें भरोसा है कि उनकी टीम किसी भी माहौल के लिए तैयार है।
बेकासेसे ने कहा, ''हमने ऊंचाई के हिसाब से कोई खास तैयारी नहीं की है।''
उन्होंने कहा, ''आइए इन खिलाड़ियों पर भरोसा करें, उस चीज पर भरोसा करें जिस पर हम काम कर रहे हैं और उस चीज पर भरोसा करें जो हम करते आ रहे हैं।''
जो खिलाड़ी ऊंचाई वाली जगहों पर खेलने के आदी नहीं होते वे आम तौर पर जल्दी थक जाते हैं और दौड़ते समय उनके दिल की धड़कन बढ़ जाती है। इससे तेजी से दौड़ने, दबाव बनाने और तेजी से गति बदलने की क्षमता कम हो जाती है।
एपी सुधीर मोना
मोना
3006 1817 मैक्सिको सिटी