राम मंदिर चढ़ावा गबन मामले में दोषियों के खिलाफ हो कड़ी कार्रवाई : आठवले
सुरेश
- 27 Jun 2026, 10:32 PM
- Updated: 10:32 PM
रांची, 27 जून (भाषा) केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री रामदास आठवले ने अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावे के कथित गबन की घटना की आलोचना करते हुए इसमें शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
उन्होंने कहा कि 'पेपर लीक' के मुद्दे का राजनीतिकरण उचित नहीं है, क्योंकि सरकार व्यवस्था को मजबूत बनाने और ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए कदम उठा रही है।
आठवले ने शनिवार को यहां संवाददाताओं से कहा, ''राम मंदिर से जुड़े मामले में इस तरह का भ्रष्टाचार बिल्कुल भी उचित नहीं है। जो कुछ हुआ है, वह अच्छा नहीं है। भारत सरकार और राज्य सरकार इस मामले को लेकर बेहद सख्त हैं और इसमें शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। मैं चाहता हूं कि अदालत उन्हें अधिकतम सजा दे।''
'पेपर लीक' के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाएं नहीं होनी चाहिए।
केंद्रीय मंत्री ने कहा, ''मेरा मानना है कि इसका अनावश्यक प्रचार नहीं किया जाना चाहिए। कांग्रेस शासनकाल में भी पेपर लीक की घटनाएं हुई थीं, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि वे आगे भी होती रहें। सरकार ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए हरसंभव प्रयास कर रही है। इस अपराध में शामिल कई लोगों को गिरफ्तार भी किया गया है।''
कांग्रेस पर परोक्ष रूप से हमला करते हुए आठवले ने कहा, ''धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करने का कोई औचित्य नहीं है। कुछ लोगों को हर मुद्दे पर इस्तीफा मांगने की आदत हो गई है। मुझे लगता है कि इस सोच में बदलाव आना चाहिए।''
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मंत्रिमंडल में संभावित फेरबदल के संकेत देते हुए कहा कि संसद के मानसून सत्र की तिथि 20 जुलाई के बाद घोषित होने की संभावना है और इस दौरान मंत्रिमंडल में फेरबदल भी हो सकता है।
आठवले ने कहा कि महिला आरक्षण विधेयक के मानसून सत्र में पेश किए जाने की संभावना है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों ने पिछले सत्र में इस विधेयक में बाधा डाली थी।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत की अर्थव्यवस्था दुनिया में चौथे स्थान पर पहुंच गई है और अगले एक-दो वर्षों में इसके दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की संभावना है।
आठवले ने कहा, ''मोदी सरकार के कार्यकाल में 25 करोड़ से अधिक लोग गरीबी से बाहर आए हैं। चार करोड़ से अधिक मकान बनाए गए, 12 करोड़ शौचालयों का निर्माण हुआ, 60 करोड़ लोगों को आयुष्मान भारत योजना का लाभ मिला और 58 करोड़ लोग मुद्रा योजना से लाभान्वित हुए।''
झारखंड की राजनीति पर उन्होंने कहा कि वर्ष 2029 में राज्य में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की सरकार बनेगी और इसके बाद राज्य का विकास और तेज गति से होगा।
उन्होंने विश्वास जताया कि वर्ष 2029 में केंद्र में भी राजग की सरकार बनेगी और नरेन्द्र मोदी चौथी बार प्रधानमंत्री बनेंगे।
भाषा रवि कांत रवि कांत सुरेश
सुरेश
2706 2232 रांची