प्रधानमंत्री मोदी ने स्लोवाकिया के राष्ट्रपति के साथ बढ़ती साझेदारी पर चर्चा की
प्रशांत
- 16 Jun 2026, 12:55 AM
- Updated: 12:55 AM
(फोटो के साथ)
ब्रातीस्लावा, 15 जून (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को स्लोवाकिया के राष्ट्रपति पीटर पेलेग्रिनी से मुलाकात की और दोनों देशों के बीच बढ़ती साझेदारी पर चर्चा की, जिसमें नवाचार, रक्षा और परमाणु ऊर्जा सहित विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग को मजबूत करने पर जोर दिया गया।
यूरोप की अपनी एक हफ्ते की यात्रा के दौरान ब्रातिस्लावा पहुंचे मोदी ने राष्ट्रपति भवन में पेलेग्रिनी से मुलाकात की, जहां दोनों नेताओं ने भारत और स्लोवाकिया के बीच बढ़ती साझेदारी और जारी सहयोग का स्वागत किया।
मोदी ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, "आज राष्ट्रपति पेलेग्रिनी के साथ हुई वार्ता में विनिर्माण, परिवहन, नवाचार, निवेश संबंध, ऊर्जा, जैव ईंधन और अन्य कई विषयों पर चर्चा हुई।"
उन्होंने कहा, "डिजिटल प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में सहयोग की अपार संभावनाएं हैं। हमने लोगों के बीच आपसी संबंधों को और मजबूत करने पर भी बात की।"
दोनों नेताओं ने फरवरी 2026 में एआई इम्पैक्ट समिट के लिए पेलेग्रिनी की भारत यात्रा को याद किया।
पेलेग्रिनी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट किया, "मुझे खुशी है कि मैं और नरेन्द्र मोदी इस वर्ष फरवरी में नयी दिल्ली यात्रा के दौरान शुरू हुए मुक्त और मैत्रीपूर्ण संवाद को आगे बढ़ा पा रहे हैं।"
इस पर मोदी ने कहा, "पिछली मुलाकात में जिन महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई थी, उन्हें आगे बढ़ाते हुए खुशी हो रही है। आपके विचार सुनना हमेशा प्रेरणादायक होता है।"
दोनों नेताओं ने जारी सहयोग पर संतोष व्यक्त किया और व्यापार, निवेश, प्रौद्योगिकी तथा लोगों के बीच संबंधों के क्षेत्र में बढ़ते द्विपक्षीय संबंधों का स्वागत किया। विदेश मंत्रालय (एमईए) के अनुसार, उन्होंने आपसी हितों से जुड़े क्षेत्रीय और वैश्विक घटनाक्रमों पर भी चर्चा की।
विदेश मंत्रालय के आधिकारिक प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि दोनों नेताओं ने विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने और दोनों देशों के बीच गर्मजोशीपूर्ण एवं मैत्रीपूर्ण संबंधों को और आगे ले जाने पर विचार-विमर्श किया।
प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति पेलेग्रिनी ने राष्ट्रपति भवन में स्लोवाक कलाकारों द्वारा "वाराणसी सिटी" विषय पर आयोजित चित्रकला प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया। इसके अलावा, उन्होंने स्लोवाक स्कूल के बच्चों द्वारा प्रस्तुत विशेष योग प्रदर्शन भी देखा।
बाद में राष्ट्रपति पेलेग्रिनी ने प्रधानमंत्री मोदी के सम्मान में राजकीय भोज की मेजबानी की।
भाषा सुरभि प्रशांत
प्रशांत
1606 0055 ब्रातीस्लावा