बिहार के मुख्यमंत्री 'ओछी राजनीति' कर रहे हैं : तेजस्वी
धीरज
- 09 Jun 2026, 07:20 PM
- Updated: 07:20 PM
(तस्वीरों के साथ)
पटना, नौ जून (भाषा) राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के कार्यकारी अध्यक्ष और बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी से सरकारी आवास खाली कराने तथा उनके परिवार के कई सदस्यों की सुरक्षा में कटौती करने को लेकर मंगलवार को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर निशाना साधा और आरोप लगाया कि वह 'ओछी राजनीति' कर रहे हैं।
यादव ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग)सरकार पर भ्रष्ट अधिकारियों और अपराधियों को संरक्षण देने का आरोप लगाया और दावा किया कि राज्य में कानून व्यवस्था ''पूरी तरह से ध्वस्त'' हो गई है।
तेजस्वी यादव ने पटना हवाई अड्डे पर संवाददाताओं द्वारा उनकी मां राबड़ी देवी के आवास को लेकर हालिया घटनाक्रम के बारे में पूछे गए सवाल के जवाब में कहा, '' मैं आप सबको बता दूं कि सम्राट चौधरी मुख्यमंत्री नहीं, बल्कि 'चीप मंत्री' हैं। मकान और हमारी सुरक्षा को लेकर उनकी बयानबाजी सरकार की विफलताओं से लोगों का ध्यान भटकाने की सस्ती कोशिश है। उनकी सरकार भ्रष्टाचार के मामलों से घिरी हुई है और केवल खोखले दावों पर चल रही है।''
उन्होंने सवाल किया, ''सरकार राबड़ी देवी को आवंटित आवास को किसी मंत्री को देने पर इतना जोर क्यों दे रही है? उन्हें यह बंगला पूर्व मुख्यमंत्री होने के नाते आवंटित किया गया था। क्या उनका वह दर्जा बदल सकता है? और मुझे अलग से आवास आवंटित किए जाने पर इतना हंगामा क्यों किया जा रहा है? मैं नेता प्रतिपक्ष हूं। क्या सरकार मुझ पर कोई एहसान कर रही है?''
तेजस्वी यादव ने मीडिया के एक धड़े में आई उन खबरों पर कोई टिप्पणी नहीं की, जिनमें कहा गया है कि राबड़ी देवी ने 10, सर्कुलर रोड स्थित सरकारी आवास खाली करने पर सहमति दे दी है और वह अगले सप्ताह तक परिवार के निजी मकान में स्थानांतरित हो सकती हैं।
उन्होंने हालांकि, राबड़ी देवी के आवास पर तैनात सुरक्षा कर्मियों को कथित तौर पर हटाए जाने के सवाल पर कहा, ''हम अपनी सुरक्षा के लिए सरकार पर निर्भर नहीं हैं। मुझे अपने पार्टी कार्यकर्ताओं की निष्ठा और साहस पर गर्व है, जो उनकी सुरक्षा के लिए वहां डटे हुए हैं।'
तेजस्वी ने राजग सरकार पर आरोप लगाया कि पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद और राबड़ी देवी की सुरक्षा में कटौती तथा राबड़ी देवी को सरकारी आवास खाली कराने का प्रयास ''ओछी राजनीति'' का हिस्सा है।
राज्य सरकार ने हाल ही में राजद अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद तथा उनकी पत्नी एवं पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी को प्रदान की गई सुरक्षा घटा दी थी।
राबड़ी देवी के सरकारी आवास पर छह जून को उस समय नाटकीय घटनाक्रम देखने को मिला था, जब कई राजद नेताओं ने वहां पहरा देते हुए दावा किया कि उनकी नेता ने राजग सरकार के ''अपमानजनक व्यवहार'' के विरोध में अपनी सुरक्षा वापस कर दी है।
तेजस्वी यादव ने संवाददाताओं से कहा, ''राज्य की राजग सरकार जनता की समस्याओं से पूरी तरह बेखबर है। उसके नेता भ्रष्ट अधिकारियों और अपराधियों को संरक्षण देने में व्यस्त हैं। राज्य में कानून-व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है।''
उन्होंने आरोप लगाया कि राजग सरकार को आम लोगों के कल्याण की कोई चिंता नहीं है।
तेजस्वी ने कहा, ''मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और अन्य राजग नेता जिन मुद्दों पर चर्चा कर रहे हैं, उनका आम जनता से कोई लेना-देना नहीं है।''
उन्होंने राज्य की आर्थिक स्थिति को भी ''दयनीय'' बताते हुए कहा, ''सरकारी खजाना खाली है। सरकार के पास कोई काम करने के लिए पैसा नहीं है। सरकार ने महिलाओं को व्यवसाय चलाने के लिए वित्तीय सहायता की दूसरी किस्त देने और पेंशन बढ़ाने का वादा किया था, लेकिन लोगों को ठगा गया है।''
राजद नेता ने आरोप लगाया कि सामाजिक सुरक्षा योजना के लाभार्थियों को पेंशन नहीं दी जा रही है तथा विधायकों को भी वेतन नहीं मिल रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया, ''मुख्यमंत्री बिना किसी निर्धारित मानक या मापदंड का पालन किए अयोग्य, अकुशल, अनुपयुक्त, भ्रष्ट अथवा आपराधिक पृष्ठभूमि वाले राजग नेताओं को सुरक्षा, मंत्री आवास और अन्य सरकारी सुविधाएं उपलब्ध करा रहे हैं।''
सम्राट चौधरी पर निशाना साधते हुए तेजस्वी ने कहा, ''मुझे कहना पड़ेगा कि सम्राट चौधरी लालू प्रसाद जी की 'पाठशाला' के उत्पाद हैं। लालू प्रसाद जी और राबड़ी देवी जी के खिलाफ ऐसे कदम उठाकर वह अपनी पार्टी के शीर्ष नेतृत्व, खासकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, को यह दिखाने की कोशिश कर रहे हैं कि अब वह मोदी की पाठशाला के विद्यार्थी हैं। इसी कारण वह राजद नेताओं को परेशान कर रहे हैं, लेकिन हकीकत इससे अलग है। लालू प्रसाद जी और राबड़ी देवी जी जननेता हैं, जबकि सम्राट चौधरी एक 'चयनित मुख्यमंत्री' हैं।''
करीब एक पखवाड़े के बाद तेजस्वी दिल्ली से पटना लौटे। उन्होंने सोमवार को दिल्ली में आयोजित 'इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इंक्लूसिव अलायंस' (इंडिया गठबंधन) की बैठक में शामिल हुए थे।
उनके साथ राजद के संस्थापक अध्यक्ष लालू प्रसाद और बड़ी बहन तथा पाटलिपुत्र से सांसद मीसा भारती भी थीं।
मीसा भारती ने आरोप लगाया, ''बिहार में भाजपा नेतृत्व वाली नयी सरकार बनने के बाद से हम केवल गौरक्षा, मंदिर और हिंदू-मुस्लिम जैसे मुद्दों की बातें सुन रहे हैं। अपराधियों को जमीन के नीचे से भी ढूंढ़ निकालने के दावे धरातल पर कहीं दिखाई नहीं दे रहे हैं।''
उन्होंने कहा, ''जब सरकार को लगा कि ये ध्यान भटकाने वाले मुद्दे पर्याप्त नहीं हैं, तो अब वह मकान और सुरक्षा के मामले को लेकर हम पर हमला कर रही है। लेकिन उन्होंने हमें एक अच्छा सबक सिखाया है। जब जनता वर्तमान विपक्षी दलों को जनादेश देगी, तब उन्हें उसी भाषा में जवाब मिलेगा।''
भाषा कैलाश
धीरज
धीरज
0906 1920 पटना