केरल मंत्रिमंडल ने केएसआरटीसी की सामान्य बसों में महिलाओं की मुफ्त यात्रा को मंजूरी दी
प्रशांत
- 10 Jun 2026, 05:40 PM
- Updated: 05:40 PM
(फाइल फोटो के साथ)
तिरुवंनतपुरम, 10 जून (भाषा) केरल के मुख्यमंत्री वी.डी. सतीशन ने बुधवार को कहा कि उनके मंत्रिमंडल ने निर्णय लिया है कि 'इंदिरा गारंटी' के तहत महिलाओं के लिए मुफ्त बस यात्रा शुरुआत में 15 जून से केएसआरटीसी की साधारण बसों में उपलब्ध होगी।
सतीशन ने यहां उनकी अध्यक्षता में हुई मंत्रिमंडल की बैठक के बाद प्रेसवार्ता में कहा कि 'प्रियदर्शिनी' नामक इस रियायत से मौजूदा स्वरूप में, केरल राज्य सड़क परिवहन निगम (केएसआरटीसी) को हर महीने 60 करोड़ रुपये से ज़्यादा या सालाना लगभग 800 करोड़ रुपये का खर्च आएगा।
उन्होंने कहा कि यह छूट हर उम्र और हर वर्ग की महिलाओं को मिलेगी, चाहे उनकी आर्थिक स्थिति कैसी भी हो। उन्होंने कहा कि यह सुविधा उभयलिंगियों को भी मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि फिलहाल सरकार केएसआरटीसी को तनख्वाह एवं पेंशन मदों में सलाना करीब 1500 करोड़ रुपये दे रही है।
उन्होंने कहा, ''केएसआरटीसी को पहले से दिये जा रहे 1,500 करोड़ रुपये के अलावा, सरकार इस योजना के लिए उसे 800 करोड़ रुपये और देगी।''
मुख्यमंत्री ने कहा कि केएसआरटीसी से कहा गया है कि वह अगले छह महीनों में कमाई बढ़ाने के लिए विभिन्न उपाय अपनाए और वह इसपर सहमत हो गया है।
उन्होंने कहा, ''एक बार ऐसा हो जाने पर, हम योजना के अगले चरण की ओर बढ़ सकते हैं।''
उन्होंने कहा कि सरकार केएसआरटीसी की कमाई बढ़ाने एवं उसे मुनाफे में लाने के लिए और बसें खरीदने तथा अतिरिक्त सेवाएं शुरू करने जैसे कदम उठाएगी।
सतीशन ने कहा, ''यह योजना का सिर्फ पहला चरण है। जब कमाई बढ़ने से केएसआरटीसी की आर्थिक स्थिति बेहतर हो जाएगी, तो हम इस पहल के अगले चरण पर विचार करेंगे।''
इस साल मार्च में विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान राहुल गांधी ने 'इंदिरा गारंटी' के तहत पांच वादे किए थे। ये महिलाओं के लिए केएसआरटीसी की बसों में मुफ्त यात्रा, कॉलेज जाने वाली छात्राओं के लिए हर महीने 1,000 रुपये की छात्रवृति, कल्याणकारी पेंशन को बढ़ाकर 3,000 रुपये करना, हर परिवार के लिए 25 लाख रुपये तक का स्वास्थ्य बीमा और युवा उद्यमियों के लिए पांच लाख रुपये तक का बिना ब्याज वाला ऋण हैं।
उन्होंने गारंटियों के तहत बुज़ुर्गों के लिए एक अलग विभाग बनाने की भी घोषणा की थी।
केरल मंत्रिमंडल ने अपनी पहली बैठक में महिलाओं के लिए मुफ़्त यात्रा की सुविधा और बुज़ुर्गों के लिए एक समर्पित विभाग बनाने का फ़ैसला किया है।
अगले पांच वर्षों के लिए सरकार की योजनाओं के बारे में पूछे गए सवालों पर उन्होंने कहा कि वह जल्द ही बजट पेश करेंगे।
भाषा राजकुमार प्रशांत
प्रशांत
1006 1740 तिरुवनंतपुरम