जीडीपी आंकड़ा भारत की अर्थव्यवस्था के सतत विकास को प्रदर्शित कर रहा: भाजपा का राहुल पर पलटवार
प्रशांत
- 05 Jun 2026, 10:26 PM
- Updated: 10:26 PM
नयी दिल्ली, पांच जून (भाषा) भाजपा ने शुक्रवार को दावा किया कि नवीनतम जीडीपी आंकड़ों से पता चलता है कि वैश्विक अनिश्चितताओं के बावजूद भारत की अर्थव्यवस्था उल्लेखनीय लचीलापन प्रदर्शित कर रही है और सतत विकास कर रही है।
केंद्र में सत्तारूढ़ दल ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के इस हालिया दावे की कड़ी आलोचना की कि एक ''बड़ी आर्थिक सुनामी'' आने वाली है।
शुक्रवार को जारी सरकारी आंकड़ों के अनुसार, भारतीय अर्थव्यवस्था वित्त वर्ष 2025-26 की जनवरी-मार्च तिमाही में मजबूत घरेलू मांग और सरकारी खर्च के कारण अनुमान से अधिक 7.8 प्रतिशत की दर से बढ़ी।
सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय के अनुसार, पिछले वर्ष की समान तिमाही में जीडीपी वृद्धि सात प्रतिशत रही थी जबकि अक्टूबर-दिसंबर तिमाही में यह आठ प्रतिशत थी।
वित्त वर्ष 2025-26 की समूची अवधि में देश की आर्थिक वृद्धि दर बढ़कर 7.7 प्रतिशत हो गई, जो 2024-25 में 7.1 प्रतिशत रही थी।
इन आंकड़ों पर टिप्पणी करते हुए, भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ''प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में, वैश्विक अनिश्चितताओं के बावजूद भारत की अर्थव्यवस्था उल्लेखनीय लचीलापन प्रदर्शित कर रही और सतत विकास कर रही है।''
उन्होंने कहा कि वित्त वर्ष 2025-26 में 7.7 प्रतिशत और वित्त वर्ष 2025-26 की चौथी तिमाही में 7.8 प्रतिशत की जीडीपी वृद्धि दर मजबूत आर्थिक गतिविधि और सभी क्षेत्रों में व्यापक विकास को दर्शाती है।
भाजपा अध्यक्ष ने कहा, ''यह गति निवेश को मजबूत कर रही है, युवाओं के लिए अवसरों का विस्तार कर रही है और हमारे नागरिकों के जीवन को सुगम बना रही है।''
उन्होंने कहा, ''ये उत्साहजनक आंकड़े भारत के 'विकसित भारत 2047' के लक्ष्य की ओर अग्रसर होने को रेखांकित करते हैं।''
भाजपा सांसद और पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा ने 'एक्स' पर, नवीनतम जीडीपी आंकड़ों पर सरकार की प्रेस विज्ञप्ति साझा की और राहुल गांधी पर निशाना साधा।
उन्होंने कहा कि आलोचकों ने अर्थव्यवस्था में मंदी और इसके लड़खड़ाने की भविष्यवाणी की थी लेकिन भारत ने वित्त वर्ष 2025-26 में 7.7 प्रतिशत जीडीपी वृद्धि के साथ इसका जवाब दिया है।
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने बुधवार को दावा किया था कि मोदी एक साल के भीतर प्रधानमंत्री नहीं रहेंगे क्योंकि ''चीजों को नियंत्रित करने का उनका जो 'सिस्टम था, वह ध्वस्त हो रहा है।''
भाषा सुभाष प्रशांत
प्रशांत
0506 2226 दिल्ली