ईडी ने सीएमआरएल धन शोधन मामले में केरल के पूर्व मुख्यमंत्री विजयन के आवास पर तलाशी ली
रंजन
- 27 May 2026, 10:17 AM
- Updated: 10:17 AM
तिरुवनंतपुरम, 27 मई (भाषा) प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने कोचीन मिनरल्स एंड रुटाइल लिमिटेड (सीएमआरएल) से जुड़े कथित धनशोधन मामले में केरल के पूर्व मुख्यमंत्री पिनराई विजयन की बेटी के खिलाफ जांच के तहत विजयन और अन्य लोगों के आवास पर छापे मारे। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि राज्य में कुल 10 परिसरों पर तलाशी ली जा रही है, जिनमें राज्य की राजधानी तिरुवनंतपुरम में 81 वर्षीय पूर्व मुख्यमंत्री का किराए का मकान, कन्नूर में एक स्थान और निजी संस्था कोचीन मिनरल्स एंड रुटाइल लिमिटेड (सीएमआरएल) के ''प्रमुख व्यक्तियों'' के आवास शामिल हैं। यह छापेमारी धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के प्रावधानों के तहत की जा रही है।
उन्होंने बताया कि विजयन के घर की तलाशी ली गई है क्योंकि जांच में उनकी बेटी टी वीणा भी शामिल है।
आरोप है कि निजी कंपनी कोचीन मिनरल्स एंड रुटाइल लिमिटेड ने 2018 से 2019 के बीच विजयन की बेटी टी. वीणा की कंपनी एक्सालॉजिक सॉल्यूशंस को 1.72 करोड़ रुपये का अवैध भुगतान किया, जबकि इस आईटी कंपनी ने सीएमआरएल को कोई सेवा प्रदान नहीं की थी।
केरल उच्च न्यायालय ने मंगलवार को सीएमआरएल द्वारा दायर उस याचिका को खारिज कर दिया था, जिसमें मामले में ईडी की कार्रवाई रद्द करने का अनुरोध किया गया था।
ईडी ने इन आरोपों की जांच के लिए 2024 में पीएमएलए के तहत मामला दर्ज किया था।
विजयन ने पहले भी अपनी बेटी पर लगाए गए आरोपों को खारिज करते हुए कहा था कि ये उनकी छवि खराब करने और उन्हें बदनाम करने के उद्देश्य से लगाए गए हैं।
मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के वरिष्ठ नेता विजयन हाल ही में सत्ता से बाहर हो गए, जब पिछले महीने कांग्रेस के नेतृत्व वाले संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) गठबंधन ने केरल विधानसभा चुनाव में जीत हासिल की।
दो बार (2016-2026) के पूर्व मुख्यमंत्री विजयन को अब उनकी पार्टी ने केरल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष पद के लिए नामित किया है।
ईडी की जांच की शुरुआत गंभीर कपट अन्वेषण कार्यालय (एसएफआईओ) द्वारा दर्ज शिकायत के आधार पर हुई, जो कॉर्पोरेट मामलों के मंत्रालय की एक जांच एजेंसी है।
एसएफआईओ की जांच तब शुरू हुई, जब आयकर विभाग के अंतरिम निपटान बोर्ड ने सीएमआरएल द्वारा किए गए कुछ लेन-देन की वैधता पर सवाल उठाए।
सीएमआरएल का विजयन की बेटी वीणा की आईटी कंपनी के साथ परामर्श और सॉफ्टवेयर सहायता सेवाओं को लेकर समझौता था, लेकिन आरोप है कि उनकी कंपनी द्वारा कोई सेवा नहीं दिए जाने के बावजूद ''एक प्रभावशाली व्यक्ति से संबंध'' होने के कारण उसे हर महीने भुगतान किया जाता रहा।
भाषा
गोला रंजन
रंजन
2705 1017 तिरुवनंतपुरम