शुभेंदु अधिकारी के सहयोगी की हत्या में गिरफ्तार नवीन सिंह की जमानत अर्जी पर दो जून को होगी सुनवाई
सं, आनंद रवि कांत
- 23 May 2026, 06:43 PM
- Updated: 06:43 PM
बलिया, 23 मई (भाषा) पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के सहयोगी चंद्रनाथ रथ की हत्या मामले से जुड़े हथियार बरामदगी प्रकरण में गिरफ्तार नवीन कुमार सिंह की जमानत अर्जी पर अदालत दो जून को सुनवाई करेगी। अभियोजन पक्ष के अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।
जिला शासकीय अधिवक्ता संजीव सिंह ने बताया कि नवीन (35) ने जिला न्यायाधीश अनिल कुमार झा की अदालत में जमानत याचिका दायर की थी, जिसे निचली अदालत द्वारा खारिज किए जाने के बाद पुनः उच्च न्यायालय में प्रस्तुत किया गया है। मामले की सुनवाई दो जून के लिए सूचीबद्ध की गई है।
नवीन सिंह को उत्तर प्रदेश पुलिस के विशेष कार्य बल (एसटीएफ) ने पिछले बुधवार को केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) से मिली सूचना के आधार पर गिरफ्तार किया था। सीबीआई पश्चिम बंगाल में छह मई को हुई चंद्रनाथ रथ की हत्या की जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार वाराणसी एसटीएफ इकाई के निरीक्षक अनिल कुमार सिंह की शिकायत पर फेफना थाने में शस्त्र अधिनियम की धाराओं 3, 7, 25 और 27 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
पुलिस ने बताया कि सीबीआई ने एसटीएफ को सूचना दी थी कि फेफना थाना क्षेत्र के थम्हनपुरा गांव निवासी नवीन सिंह के पास इस मामले से जुड़े हथियार हैं। इसी सूचना के आधार पर 19 मई को एसटीएफ की टीम बलिया पहुंची और बाद में विशुनपुर के पास से उसे गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ के दौरान नवीन सिंह ने आरोप लगाया कि ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह उर्फ मन्नू ने सात मई को राजकुमार सिंह और गोलू सिंह के साथ स्विफ्ट डिजायर कार में उससे मुलाकात की थी।
उसका कहना है कि मन्नू ने बाद में शीटल दवनी गांव में उसे एक बैग दिया, जिसमें हथियार रखे हुए थे। यह इलाका बांसडीह रोड थाना क्षेत्र में आता है।
पुलिस ने बताया कि एसटीएफ ने महिंद्रा शोरूम के पास राष्ट्रीय राजमार्ग से बरामद बैग से तीन पिस्तौल, दो रिवॉल्वर, 45 जिंदा कारतूस, तीन खोखे और एक मोबाइल फोन बरामद किया है।
वरिष्ठ अभियोजन अधिकारी पी.एन. स्वामी ने बताया कि सीबीआई ने बृहस्पतिवार को मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट शैलेश कुमार पांडे की अदालत में बरामद हथियारों को फोरेंसिक जांच के लिए भेजने की अनुमति मांगते हुए अर्जी दी थी, जिसे अदालत ने खारिज कर दिया। इसके बाद एजेंसी ने आदेश के खिलाफ पुनरीक्षण याचिका दायर करने की तैयारी शुरू कर दी है।
अभियोजन सूत्रों के अनुसार सीबीआई नवीन सिंह को ट्रांजिट रिमांड पर लेकर कोलकाता ले जाने की भी तैयारी कर रही है।
इस बीच, फरार आरोपी मन्नू और गोलू सिंह की तलाश में सीबीआई की छापेमारी जारी है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, मन्नू अभी फरार है और उसके परिवार के लोग घर बंद कर अज्ञात स्थान पर चले गए हैं।
भाषा
सं, आनंद रवि कांत
2305 1843 बलिया