कर्नाटक मंत्रिमंडल फेरबदल : 30 से अधिक विधायक दिल्ली में शीर्ष नेताओं से मिलेंगे
पवनेश
- 22 May 2026, 05:05 PM
- Updated: 05:05 PM
शिवमोगा (कर्नाटक), 22 मई (भाषा) कांग्रेस विधायक बेलूर गोपाल कृष्ण ने शुक्रवार को कहा कि पार्टी के कम से कम 30-35 विधायक 28 या 29 मई तक राष्ट्रीय राजधानी की यात्रा करेंगे ताकि पार्टी नेतृत्व पर मंत्रिमंडल में फेरबदल करने का दबाव बनाया जा सके और उनमें से लगभग 20 को मंत्रिमंडल में शामिल होने का अवसर मिले।
उन्होंने मांग की है कि सरकार के सत्ता में तीन साल पूरे होने के 15 दिनों के भीतर मंत्रिमंडल फेरबदल किया जाए। साथ ही चेतावनी दी कि यदि फेरबदल नहीं हुआ और मंत्रिमंडल में नए चेहरों को शामिल नहीं किया गया तो वे कड़ा निर्णय ले सकते हैं।
कृष्णा ने कहा, ''पहले यह तय किया गया था कि केरल के मुख्यमंत्री का चुनाव होने के बाद दिल्ली का दौरा किया जाए। अब जब मुख्यमंत्री का चुनाव हो चुका है, तो हम दो-तीन दिनों में मुलाकात करेंगे और हममें से 30-35 विधायक दिल्ली जाएंगे। इस बार हमारे सामने करो या मरो की स्थिति है क्योंकि सरकार बने तीन साल हो गए हैं, लेकिन अभी तक मंत्रिमंडल में फेरबदल की कोई चर्चा नहीं हो रही है।''
उन्होंने यहां संवाददाताओं से कहा कि मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने हाल ही में कहा था कि मंत्रिमंडल में फेरबदल होगा और 15 नए लोगों को शामिल किया जाएगा।
कांग्रेस विधायक ने कहा, ''हमने 20 लोगों को मंत्रिमंडल में शामिल किए जाने का अनुरोध किया है, क्योंकि जो लोग अभी मंत्री हैं, वे तीन साल से सत्ता का आनंद ले रहे हैं। इसलिए हमने 28 या 29 मई तक दिल्ली जाने का फैसला किया है। पहले हममें से 25 लोग गए थे। अब संख्या बढ़ गई है, इसलिए लगभग 35 लोग जा सकते हैं।''
यह रेखांकित करते हुए कि मुख्यमंत्री परिवर्तन का मुद्दा शीर्ष नेतृत्व के निर्णय पर निर्भर है, कृष्णा ने एक सवाल के जवाब में कहा, "हम अपने अधिकारों की बात कर रहे हैं। मुख्यमंत्री परिवर्तन के मुद्दे पर आपको नेतृत्व से पूछना चाहिए।"
उन्होंने कहा, "मंत्रिमंडल में फेरबदल कर हमें मंत्री पद दिया जाना चाहिए। अगर ऐसा नहीं हुआ तो आने वाले दिनों में हमें कड़े फैसले लेने पड़ेंगे। हम इसे ऐसे ही जारी नहीं रहने देंगे। हमें 15 दिनों के भीतर अवसर दिया जाना चाहिए। अगर ऐसा नहीं हुआ तो हमारे पास अन्य योजनाएं हैं और हम उन पर निर्णय लेंगे।"
खबरों के अनुसार, मंत्री पद की आकांक्षा रखने वाले कुछ कांग्रेस विधायक पहले से ही दिल्ली में पार्टी नेतृत्व से मुलाकात के लिए मौजूद हैं।
भाषा शफीक पवनेश
पवनेश
2205 1705 शिवमोगा