यूएई, नीदरलैंड, स्वीडन के साथ समझौते एफडीआई के जरिए भारतीय अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देंगे: भाजपा
माधव
- 18 May 2026, 10:02 PM
- Updated: 10:02 PM
नयी दिल्ली, 18 मई (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने सोमवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की संयुक्त अरब अमीरात (यूएई), नीदरलैंड और स्वीडन यात्रा रणनीतिक, आर्थिक और सांस्कृतिक दृष्टि से ''बहुत महत्वपूर्ण'' साबित हुई है। पार्टी ने कहा कि इन देशों के साथ हुए समझौते भारत की ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत करेंगे और विदेशी निवेश के जरिए अर्थव्यवस्था को गति देंगे।
भाजपा मुख्यालय में पत्रकारों से बातचीत में पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने प्रधानमंत्री मोदी को स्वीडन के सर्वोच्च नागरिक सम्मान में से एक 'रॉयल ऑर्डर ऑफ द पोलर स्टार, डिग्री कमांडर ग्रैंड क्रॉस' से सम्मानित किए जाने की सराहना की और इसे हर भारतीय के लिए "गर्व का क्षण" बताया।
उन्होंने कहा कि यह न केवल मोदी के लिए सम्मान की बात है, बल्कि यह इस बात का प्रतीक है कि प्रधानमंत्री वैश्विक मंच पर 140 करोड़ भारतीयों की क्षमता और उत्कृष्टता को स्थापित कर रहे हैं।
त्रिवेदी ने बताया कि इसके साथ ही प्रधानमंत्री मोदी अपने कार्यकाल में अब तक 31 अंतरराष्ट्रीय सम्मान से सम्मानित किए जा चुके हैं।
प्रधानमंत्री मोदी सोमवार को नॉर्वे में थे, जहां उन्होंने नॉर्वे के प्रधानमंत्री जोनास गहर स्टोर के साथ व्यापार और निवेश, हरित प्रौद्योगिकी और अन्य महत्वपूर्ण क्षेत्रों पर बातचीत की।
त्रिवेदी ने कहा, "प्रधानमंत्री मोदी भारत की जनता के हितों की रक्षा के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण विदेश यात्रा पर हैं। रणनीतिक, आर्थिक और सांस्कृतिक दृष्टिकोण से उनकी यह विदेश यात्रा बहुत महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक साबित हुई है।''
मोदी की तीनों देशों की यात्रा की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए भाजपा के राज्यसभा सदस्य ने कहा कि इन देशों के साथ हस्ताक्षरित समझौते भारत को अपनी ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत करने और प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (एफडीआई) के साथ अपनी अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देने में मदद करेंगे।
त्रिवेदी ने कहा, ''सभी चुनौतियों के बावजूद प्रधानमंत्री समस्याओं का कोई न कोई समाधान निकाल ही लेते हैं।''
भाजपा नेता ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर उनकी विदेश यात्राओं को लेकर भी हमला किया और कहा कि उनकी विदेश यात्राओं को लेकर लोगों के मन में संदेह गहराता जा रहा है क्योंकि उन्होंने अभी तक यह खुलासा नहीं किया है कि उनकी यात्राओं का खर्च कौन उठा रहा है।
त्रिवेदी ने मोदी की नीदरलैंड यात्रा के दौरान 11वीं शताब्दी के चोल राजवंश के तांबे के प्लेटों की भारत में वापसी को ''बहुत महत्वपूर्ण'' बताया और कहा कि प्रधानमंत्री ने इसके लिए ''विशेष प्रयास'' किए थे।
भाषा आशीष माधव
माधव
1805 2202 दिल्ली