सीकर में नीट की परीक्षा देने वाले एक छात्र ने आत्महत्या की: पुलिस
राजकुमार
- 15 May 2026, 10:48 PM
- Updated: 10:48 PM
जयपुर, 15 मई (भाषा) राजस्थान के सीकर में एक छात्र ने शुक्रवार को कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने यह जानकारी दी।
उसने कहा कि छात्र राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट)-स्नातक (यूजी) की तैयारी कर रहा था और उसने हाल में यह परीक्षा दी थी।
उद्योग नगर के थानाधिकारी राजेश कुमार ने बताया कि मृतक की पहचान प्रदीप मेघवाल के रूप में हुई है जो झुंझुनू जिले के गुढ़ागौड़जी इलाके में कनिका की ढाणी गांव का रहने वाला था।
थानाधिकारी ने कहा कि वह अपनी दो बहनों के साथ सीकर के जलधारी नगर में किराए के मकान में रह रहा था और नीट की तैयारी कर रहा था।
पुलिस के अनुसार प्रदीप ने कथित तौर पर अपनी बहन की चुन्नी से फांसी लगा ली। उस समय उसकी एक बहन कोचिंग क्लास में थी और दूसरी बाथरूम में थी।
अधिकारियों ने बताया कि उसकी बड़ी बहन ने उसे फंदे से लटका हुआ देखा एवं उसे नीचे उतारने के बाद मकान मालिक और पुलिस को सूचना दी।
थानाधिकारी ने बताया कि शव को मुर्दाघर में रखवाया गया है और अभी तक उसका पोस्टमार्टम नहीं किया गया है।
छात्र के पिता राजेश कुमार मेघवाल ने पुलिस को बताया कि प्रदीप की नीट की परीक्षा अच्छी हुई थी और परिवार को उम्मीद थी कि उसे करीब 650 अंक मिलेंगे।
इस बीच प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा कि छात्र की परीक्षा अच्छी गई थी। उसके पिता के बयान का ज़िक्र करते हुए उन्होंने कहा कि छात्र को 650 अंकों की उम्मीद थी।
राजस्थान के पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट ने भी इस घटना पर दुख व्यक्त किया। उन्होंने इसे नीट परीक्षा 2026 में अनियमितताओं और पेपर लीक की खबरों के बाद छात्रों में बढ़ रही चिंता से जोड़ा है।
पायलट ने कहा कि नीट 2026 पेपरलीक को लेकर भविष्य की चिंता ने विद्यार्थियों पर गहरा दबाव डाला है और इसका सीधा असर उनके मानसिक स्वास्थ्य पर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि होनहार, ईमानदार विद्यार्थी जी-तोड़ मेहनत करते हैं और अंत में पेपर लीक के कारण परीक्षा रद्द कर दी जाती है।
राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) ने तीन मई को आयोजित मेडिकल प्रवेश परीक्षा 'नीट-यूजी-2026' को इसका प्रश्नपत्र लीक होने के आरोपों के मद्देनजर रद्द करने की घोषणा की तथा केंद्र सरकार ने सीबीआई को इसमें 'अनियमितताओं' की विस्तृत जांच करने का आदेश दिया।
भाषा पृथ्वी राजकुमार
राजकुमार
1505 2248 जयपुर