मऊ जिले में ट्रेन के उद्घाटन समारोह के दौरान दुर्व्यवहार के मामले पर आमने-सामने भाजपा और सपा
जोहेब
- 12 May 2026, 10:32 PM
- Updated: 10:32 PM
मऊ (उप्र) 12 मई (भाषा) दोहरीघाट-औड़िहार नयी मेमू ट्रेन के उद्घाटन कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और समाजवादी पार्टी (सपा) कार्यकर्ताओं के बीच नारेबाजी और धक्का-मुक्की की घटना के बाद मंगलवार को भी माहौल तनावपूर्ण बना रहा और दोनों दलों ने एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
उद्घाटन कार्यक्रम मऊ जिले के दोहरीघाट रेलवे स्टेशन पर सोमवार दोपहर दो बजे शुरू हुआ, जिसमें ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा मंच पर मौजूद थे। इस दौरान घोसी संसदीय क्षेत्र के सपा सांसद राजीव राय सैकड़ों समर्थकों के साथ पहुंचे तो दोनों पक्षों में तीखी नारेबाजी शुरू हो गई। मंगलवार को भी दोनों दलों में जुबानी जंग जारी रही।
भाजपा की महिला कार्यकर्ता सोमवार को महिला आरक्षण का कथित तौर पर विरोध करने के लिए सपा सांसद राजीव राय के आवास पर भी पहुंची थीं।
उत्तर प्रदेश सरकार के ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने आरोप लगाया कि सोमवार को कार्यक्रम में जाते समय भाजपा की महिला कार्यकर्ताओं को सपा समर्थकों ने रास्ते में रोककर अभद्र टिप्पणियां कीं और डराया-धमकाया था।
शर्मा ने कहा कि भाजपा ने महिलाओं को कार्यक्रम स्थल तक लाने के लिए वाहनों की व्यवस्था की थी, लेकिन सपा समर्थकों ने रास्ते में बसों को रोककर उनके साथ अभद्र व्यवहार किया।
शर्मा ने कहा, "उन्होंने महिलाओं को डराया-धमकाया और उनके खिलाफ बेहद आपत्तिजनक और अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किया।"
मंत्री ने कहा कि इन टिप्पणियों से महिलाओं को गुस्सा आया और इसी वजह से उन्होंने विरोध प्रदर्शन किया।
वहीं राय ने मंगलवार को जिला प्रशासनिक अधिकारियों से मुलाकात कर उन्हें पूरी घटना की जानकारी दी।
राय ने जिला प्रशासन से मुलाकात कर आरोप लगाया कि मंत्री के साथ आए "अपराधी और माफिया तत्वों" ने कार्यक्रम में अव्यवस्था फैलाई।
इस घटना से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें राय कथित तौर पर यह दावा करते नजर आ रहे हैं कि भाजपा समर्थकों के दो गुटों के बीच गोलीबारी की सूचना उन्हें कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने से पहले ही मिल गई थी।
सांसद ने कहा कि उन्होंने तुरंत मऊ के पुलिस अधीक्षक को सूचना दी और मामले की गहन जांच तथा दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
राय ने जिले के वरिष्ठ अधिकारियों से भी मुलाकात की और भाजपा से जुड़े "गुंडा तत्वों" के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
राय ने शर्मा पर निशाना साधते हुए कहा कि "माफिया, गुंडे और आपराधिक रिकॉर्ड वाले लोग" उनके साथ चलते हैं।
उन्होंने चुनौती दी कि अगर शर्मा को जनता का समर्थन आजमाना है तो मधुबन से चुनाव लड़ें।
सोमवार दोपहर दोहारीघाट स्टेशन पर कार्यक्रम शुरू होते ही दोनों दलों के कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए और नारेबाजी शुरू हो गई। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस और आरपीएफ को हस्तक्षेप कर अतिरिक्त बल तैनात करना पड़ा।
भाषा सं आनन्द
जोहेब
जोहेब
1205 2232 मऊ