लोगों की शिकायतों पर हो तुरंत कार्रवाई, लापरवाह अधिकारी बख्शे नहीं जाएंगे: विजय चौधरी
नरेश
- 12 May 2026, 04:17 PM
- Updated: 04:17 PM
पटना, 12 मई (भाषा) बिहार में जनता की शिकायतों के त्वरित समाधान को लेकर उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी ने भरोसा दिलाया है कि सरकार लोगों की समस्याओं के समाधान को लेकर पूरी तरह गंभीर है।
एक दिन पहले सरकार द्वारा 'सहयोग' पोर्टल और हेल्पलाइन नंबर 1100 शुरू किए जाने के बाद मंगलवार को जनता दल यूनाइटेड (जदयू) कार्यालय में जनसुनवाई कार्यक्रम की शुरुआत की गई।
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी ने कहा कि लोगों की शिकायतों पर तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए जा रहे हैं और यह व्यवस्था लगातार जारी रहेगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार जनता की समस्याओं के समाधान को लेकर पूरी तरह गंभीर है।
जदयू कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी और मंत्री शीला कुमारी मंडल ने लोगों की समस्याएं सुनीं।
इस दौरान चौधरी ने कहा कि सरकार पहले से जनसुनवाई कार्यक्रम चलाती रही है और अब इसे और व्यवस्थित तरीके से आगे बढ़ाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि प्रतिदिन जदयू कार्यालय में मंत्रियों की ड्यूटी लगाई जाएगी जहां आम लोग सीधे अपनी समस्याएं रख सकेंगे।
सोमवार को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी द्वारा शुरू किए गए 'सहयोग' पोर्टल और हेल्पलाइन 1100 के माध्यम से लोग घर बैठे अपनी शिकायत दर्ज करा सकेंगे। शिकायतों का निपटारा 30 दिनों के भीतर करना अनिवार्य होगा। यदि तय समय सीमा में समाधान नहीं हुआ तो 31वें दिन संबंधित अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई अथवा स्वत: निलंबन की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। हेल्पलाइन सेवा सुबह आठ बजे से रात आठ बजे तक संचालित होगी।
जनसुनवाई कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से बातचीत में चौधरी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सोना कम खरीदने और तेल बचाने की अपील का भी समर्थन किया। उन्होंने कहा कि यह अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों से जुड़ा विषय है और प्रधानमंत्री ने लोगों को सुझाव दिया है, कोई आदेश नहीं।
राज्य के विकास भवन में शराब की बोतल मिलने के मामले पर उपमुख्यमंत्री ने सख्त टिप्पणी करते हुए कहा कि बिहार में शराबबंदी कानून पूरी तरह लागू है और शराब रखने या पीने, दोनों मामलों में कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने अधिकारियों को भी कानून का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने को कहा।
भाषा कैलाश
मनीषा नरेश
नरेश
1205 1617 पटना