प्रधानमंत्री पर अभद्र टिप्पणी करने के आरोप में सपा सांसद अजेंद्र सिंह लोधी के खिलाफ मामला दर्ज
शोभना
- 12 May 2026, 01:09 PM
- Updated: 01:09 PM
महोबा (उप्र), 12 मई (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर अभद्र टिप्पणी करने के आरोप में समाजवादी पार्टी (सपा) के सांसद अजेंद्र सिंह लोधी और उनके अज्ञात समर्थकों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक यह मामला भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के जिला मीडिया प्रभारी सत्येंद्र प्रताप गुप्ता की तहरीर पर 11 और 12 मई की दरमियानी रात को महोबा शहर कोतवाली में दर्ज किया गया।
हमीरपुर-महोबा सीट से सपा सांसद लोधी और उनके समर्थकों ने सोमवार को बिजली विभाग को 11 सूत्रीय ज्ञापन सौंपा, जिसमें बिजली कटौती और स्मार्ट मीटरों से जुड़ी समस्याओं सहित अन्य मुद्दों को उठाया गया था।
गुप्ता ने आरोप लगाया कि लोधी के सरकारी कार्यालय तक मार्च के कारण मार्ग अवरुद्ध हुआ, यातायात बाधित हुआ और सरकारी कर्मचारियों के काम में बाधा आई। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि लोधी ने मोदी को "राष्ट्र-विरोधी" कहा।
सूत्रों के अनुसार गुप्ता की तहरीर में आरोप लगाया गया कि संवाददाताओं ने जब सपा सांसद से उनके प्रदर्शन के बारे में पूछा तो उन्होंने प्रधानमंत्री पर अत्यंत अभद्र और आपत्तिजनक टिप्पणी की जिससे वादी की भावनाओं को ठेस पहुंची है।
सूत्रों ने बताया कि इस तहरीर पर सपा सांसद अजेंद्र सिंह लोधी और उनके अज्ञात समर्थकों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 132 (लोक सेवक को उनके कर्तव्य का निर्वहन करने से रोकने या डराने के लिए हमला या आपराधिक बल का प्रयोग), 189(2) (गैरकानूनी तरीके से लोगों को एकत्र करना), 352 (शांति भंग के इरादे से जानबूझकर अपमानित करना) और 196(1) (वैमनस्य फैलाना) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
घटना का एक कथित वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिसमें सांसद को सोने की खरीद और ईंधन की खपत के संबंध में मोदी की मितव्ययिता की अपील की आलोचना करते हुए दिखाया गया है।
आरोप है कि लोधी ने मोदी के खिलाफ अपशब्दों का इस्तेमाल किया और उन्हें "देश-विरोधी" प्रधानमंत्री कहा।
वीडियो में लोधी प्रधानमंत्री की खर्चों में कटौती संबंधी अपील पर सवाल उठाते हुए उनकी विदेश यात्राओं पर भी टिप्पणी करते नजर आ रहे हैं।
स्थानीय प्रशासन को ज्ञापन सौंपने के बाद पत्रकारों से बात करते हुए सांसद ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगें पूरी नहीं हुईं तो सरकार को "परिणाम भुगतने होंगे"।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस घटना के लिए सपा सांसद की कठोर निंदा की।
मुख्यमंत्री ने 'एक्स' पर कहा था कि प्रधानमंत्री मोदी के प्रति सपा सांसद द्वारा की गई टिप्पणी न केवल अशोभनीय और अक्षम्य है, बल्कि भारतीय लोकतांत्रिक मर्यादाओं पर गंभीर आघात भी है।
भाषा सलीम शोभना
शोभना
1205 1309 महोबा