मुख्यमंत्री विजय ने वादों पर अमल करना शुरू किया, आगे चुनौतियां और भी हैं
नरेश
- 10 May 2026, 09:35 PM
- Updated: 09:35 PM
चेन्नई, 10 मई (भाषा) अपने प्रशंसकों के बीच 'थलपति' (कमांडर) के नाम से लोकप्रिय सी. जोसेफ विजय ने तमाम बाधाओं को पार करते हुए तमिलनाडु के मुख्यमंत्री के रूप में पदभार ग्रहण कर लिया है। हालांकि, अब उन्हें अपनी पार्टी के चुनावी वादों को पूरा करने में और भी बड़ी चुनौतियों का सामना करना पड़ेगा।
रविवार को पदभार ग्रहण करने के तुरंत बाद, विजय ने अपने चुनावी वादों को पूरा करने की दिशा में तीन घोषणाएं कीं जिनमें से पहली घोषणा घरेलू उपभोक्ताओं को हर बिल पर 200 यूनिट मुफ्त बिजली उपलब्ध कराने की थी, लेकिन एक शर्त के साथ। इस छूट का लाभ केवल वही लोग उठा सकते हैं जो दो महीने के बिलिंग चक्र में 500 यूनिट तक बिजली की खपत करते हैं।
इस घोषणा के बाद सोशल मीडिया पर आलोचना शुरू हो गई है, जिसमें कहा गया है कि उन्होंने सभी को 200 यूनिट मुफ्त बिजली देने का वादा किया था, लेकिन अब इस सुविधा का लाभ उठाने के लिए शर्त लगा रहे हैं।
उन्होंने राज्य भर में मादक पदार्थों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के लिए 65 मादक पदार्थ रोधी कार्य बल इकाइयों की स्थापना की भी घोषणा की। एक अन्य घोषणा में उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा के लिए 'सिंगा पेन सिरप्पु अथिराडी पदाई' नामक एक विशेष कार्य बल की स्थापना का आदेश दिया गया है। उन्होंने कहा कि यह बल महिलाओं की सुरक्षा से संबंधित शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करेगा।
हालांकि कई और वादे हैं जिन्हें पूरा करने की चुनौती उनके सामने है, वह भी तब जब खुद उनके मुताबिक राज्य पर कर्ज का भारी बोझ है।
विजय ने कहा, "मुझे आपको तमिलनाडु सरकार की मौजूदा स्थिति के बारे में बताना है। राज्य पर 10 लाख करोड़ रुपये से अधिक का कर्ज है और खजाना पूरी तरह खाली हो चुका है, जिससे असहनीय बोझ पड़ गया है।" विजय ने पार्टी के घोषणापत्र में 60 वर्ष से कम आयु की महिलाओं के लिए 2,500 रुपये की मासिक सहायता, विवाह के लिए 8 ग्राम सोना (22 कैरेट, जिसकी कीमत लगभग 1.13 लाख रुपये है) और प्रति परिवार प्रति वर्ष खाना पकाने के छह गैस सिलेंडर मुफ्त देने का आश्वासन दिया है।
उन्होंने तमिलनाडु में पैदा होने वाले हर बच्चे के लिए (थाई ममन थंगा मोथिरम थिट्टम - मामा की सोने की अंगूठी योजना) सरकार के आशीर्वाद के रूप में एक सोने की अंगूठी देने का भी वादा किया है, साथ ही एक "बेबी वेलकम किट" भी देने का वादा किया है, जिसमें पोषण संबंधी सहायता प्रदान करने वाले उत्पाद और बच्चों के कपड़े शामिल हैं।
अभिनेता से राजनेता बने विजय ने गरीब दुल्हनों के लिए सोने के अलावा उच्च गुणवत्ता वाली रेशमी साड़ी और महिलाओं द्वारा संचालित स्वयं सहायता समूहों के लिए 5 लाख रुपये तक के ब्याज मुक्त ऋण का भी आश्वासन दिया।
भाषा प्रशांत नरेश
नरेश
1005 2135 चेन्नई