भाजपा को स्वाभिमानी तमिलों के प्रतिकार का सामना करना पड़ा : कांग्रेस नेता चोडणकर
नेत्रपाल
- 10 May 2026, 07:21 PM
- Updated: 07:21 PM
पणजी, 10 मई (भाषा) कांग्रेस के तमिलनाडु मामलों के प्रभारी गिरीश चोडणकर ने रविवार को दावा किया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को दक्षिणी राज्य में स्वाभिमानी तमिलों के प्रतिकार का सामना करना पड़ रहा है।
चोडणकर की यह टिप्पणी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के उस बयान के बाद आई जिसमें उन्होंने कहा था कि कांग्रेस ने द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) की पीठ में छुरा घोंपा है।
उनका इशारा द्रमुक नीत गठबंधन से अलग होने के बाद अभिनय से राजनीति में आए विजय के नेतृत्व वाली तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) को कांग्रेस द्वारा तमिलनाडु में सरकार बनाने के लिए समर्थन दिए जाने की ओर था।
चोडणकर ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर एक पोस्ट में भाजपा पर निशाना साधते हुए दावा किया, ''यह वही नेतृत्व है जिसने अपने ही मार्गदर्शक (लालकृष्ण) आडवाणी जी और एमएम जोशी जी को व्यवस्थित रूप से दरकिनार करके अपना करियर बनाया।''
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के ''मास्टर स्ट्रोक'' में महाराष्ट्र से लेकर कर्नाटक और मध्यप्रदेश तक लोकतांत्रिक रूप से चुनी गई सरकारों को गिराना शामिल है।
कांग्रेस नेता ने कहा, ''आपकी 'चाणक्य नीति' लोकतंत्र की खुली नीलामी के अलावा और कुछ नहीं है।''
उन्होंने आरोप लगाया, ''भाजपा की वाशिंग मशीन का इस्तेमाल उन्हीं नेताओं को शुद्ध करने के लिए किया जा रहा है जिन्हें आप (भाजपा) कभी भ्रष्ट कहते थे।''
चोडणकर ने कहा, ''तमिलनाडु में आपको (भाजपा का जिक्र करते हुए) स्वाभिमानी तमिलों के प्रतिकार का सामना करना पड़ता है। जनता देख रही है कि राज्यपाल के कार्यालय का दुरुपयोग जनादेश को दरकिनार करने के लिए एक राजनीतिक हथियार के रूप में किया जा रहा है।''
कांग्रेस नेता ने कहा, ''आप दलबदल करा सकते हैं और पार्टियों को तोड़ सकते हैं, लेकिन आप जनता का दिल नहीं खरीद सकते। तमिलनाडु आपके सत्ता के लालच से कहीं अधिक संविधान को महत्व देता है।''
टीवीके नेता चंद्रशेखर जोसेफ विजय ने रविवार को तमिलनाडु के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। उनकी पार्टी ने 234 सदस्यीय विधानसभा में 108 सीट जीती हैं। विजय ने सरकार बनाने के लिए कांग्रेस, वीसीके, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा), मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) और इंडियन यूनाइटेड मुस्लिम लीग (आईयूएमएल) सदस्यों के साथ कुल 120 विधायकों का समर्थन प्राप्त किया है।
भाषा धीरज नेत्रपाल
नेत्रपाल
1005 1921 पणजी