भारत को सीमा पार से होने वाले आतंकवाद के खिलाफ आत्मरक्षा का अधिकार : विदेश मंत्रालय
माधव
- 07 May 2026, 06:25 PM
- Updated: 06:25 PM
नयी दिल्ली, सात मई (भाषा) भारत ने सीमा पार से होने वाली पाकिस्तान समर्थित आतंकवादी गतिविधियों के खिलाफ बृहस्पतिवार को आत्मरक्षा के अपने अधिकार को दोहराया और आतंकवाद के खिलाफ वैश्विक लड़ाई को मजबूत करने का संकल्प लिया।
नयी दिल्ली का यह कड़ा संदेश ऑपरेशन सिंदूर की पहली वर्षगांठ पर आया है।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा, ''आज हम ऑपरेशन सिंदूर की पहली वर्षगांठ मना रहे हैं। पूरी दुनिया ने पहलगाम आतंकवादी हमले को देखा। सीमा पार से आतंकवाद को प्रायोजित करने के लिए हमने पाकिस्तान को मुंहतोड़ जवाब दिया।''
उन्होंने विदेश मंत्रालय के साप्ताहिक संवाददाता सम्मेलन में कहा, ''दुनिया जानती है कि सीमा पार से होने वाला आतंकवाद लंबे समय से पाकिस्तान की नीति का हिस्सा रहा है। हमें आतंकवाद के खिलाफ आत्मरक्षा का पूरा अधिकार है।''
जायसवाल ने कहा कि भारत आतंकवाद के खिलाफ वैश्विक लड़ाई को मजबूत करने के लिए काम करता रहेगा।
पहलगाम आतंकी हमले के जवाब में, भारत ने पिछले साल 7 मई को ऑपरेशन सिंदूर शुरू किया था, जिसमें पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) में नौ आतंकी ठिकानों पर हवाई हमले किए गए थे और कम से कम 100 आतंकवादियों को मार गिराया गया था।
आतंकी ठिकानों पर भारत की कार्रवाई के चलते इस्लामाबाद के साथ तनाव बढ़ गया और पाकिस्तान ने जवाबी हमले किए, हालांकि उनमें से अधिकतर हमलों को भारतीय सेना ने नाकाम कर दिया।
दोनों पक्षों के सैन्य अधिकारियों के बीच हॉटलाइन पर हुई बातचीत के बाद 10 मई को संघर्षविराम के लिए सहमति बनी थी।
विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर ने सीमा पार से होने वाले आतंकवाद के खिलाफ भारत के दृढ़ संकल्प को प्रदर्शित किया है।
उन्होंने सोशल मीडिया पर कहा, ''अपनी निर्णायक कार्रवाई से भारत ने आतंकवादी कृत्यों के लिए जवाबदेही सुनिश्चित की है और यह रेखांकित किया है कि शांति और सुरक्षा के लिए ऐसे गंभीर खतरे का प्रभावी ढंग से मुकाबला किया जाएगा।''
जयशंकर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व के तहत भारत आतंकवाद को ''कतई बर्दाश्त नहीं करने'' का संदेश देने के लिए मजबूती से खड़ा है।
सिंधु जल संधि से संबंधित एक प्रश्न के उत्तर में जायसवाल ने कहा कि इस पर भारत का रुख पहले जैसा ही है।
उन्होंने कहा, ''सीमा पार से होने वाले आतंकवाद को पाकिस्तान द्वारा लगातार समर्थन करने के कारण सिंधु जल संधि फिलहाल निलंबित है। पाकिस्तान को सीमा पार से होने वाले आतंकवाद के लिए अपने समर्थन को स्पष्ट रूप से छोड़ना होगा।''
पहलगाम आतंकी हमले के बाद पाकिस्तान के खिलाफ दंडात्मक उपायों की एक श्रृंखला के तहत, भारत ने इस संधि को निलंबित कर दिया था।
भाषा
सुभाष माधव
माधव
0705 1825 दिल्ली