कांग्रेस पर्यवेक्षकों ने यूडीएफ के घटक दलों के साथ चर्चा की
नरेश
- 07 May 2026, 07:26 PM
- Updated: 07:26 PM
तिरुवनंतपुरम, सात मई (भाषा) केरल के संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) के घटक दलों ने राज्य के अगले मुख्यमंत्री के चयन की कवायद के क्रम में बृहस्पतिवार को कांग्रेस के केंद्रीय पर्यवेक्षकों के साथ चर्चा की।
कांग्रेस ने विधायक दल के नेता के चयन की प्रक्रिया के तहत विधायकों से रायशुमारी के लिए अपने दो वरिष्ठ नेताओं मुकुल वासनिक और अजय माकन को बतौर पर्यवेक्षक तिरुवनंतपुरम भेजा था।
कांग्रेस विधायक दल का नेता ही केरल का अगला मुख्यमंत्री होगा।
वासनिक और माकन से मुलाकात के बाद यूडीएफ के घटक इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (आईयूएमएल) के नेता पीके कुन्हालिकुट्टी ने संवाददाताओं से कहा कि मुख्यमंत्री के मुद्दे पर पार्टी के रुख के बारे में कांग्रेस नेताओं को बता दिया गया है।
मलप्पुरम विधानसभा सीट से चुनाव जीतने वाले कुन्हालिकुट्टी ने कहा, ''उन्होंने धैर्यपूर्वक हमारी बात सुनी और कहा कि वे इससे दिल्ली में अपने आलाकमान को अवगत कराएंगे। हम दिल्ली से आगे के संवाद का इंतजार करेंगे और फिर अपनी पार्टी में चर्चा करके इस पर निर्णय लेंगे।"
उनके साथ पार्टी नेता पी एम ए सलाम और ई टी मोहम्मद बशीर भी थे।
आईयूएमएल के अलावा, केरल कांग्रेस (केईसी), केरल कांग्रेस (जैकब) और रिवोल्यूशनरी सोशलिस्ट पार्टी (आरएसपी) के नेताओं ने भी कांग्रेस पर्यवेक्षकों से मुलाकात की।
बैठक के बाद आरएसपी नेता शिबू बेबी जॉन ने कहा कि पर्यवेक्षकों के साथ केरल की राजनीतिक स्थिति, यूडीएफ की जीत और इसके सभी पहलुओं पर चर्चा की गई।
उन्होंने कहा, "हमने उनसे यह भी कहा कि कांग्रेस जिसे भी मुख्यमंत्री के रूप में चुनेगी वह हमें स्वीकार्य होगा। हमने किसी का नाम नहीं सुझाया और हमारा इस मामले में हस्तक्षेप करने का इरादा भी नहीं है।"
उनका यह भी कहना था कि उनसे यह नहीं पूछा गया कि वे मुख्यमंत्री के रूप में किसे पसंद करते हैं।
कांग्रेस पर्यवेक्षकों ने पार्टी विधायकों से अगले मुख्यमंत्री के संदर्भ में उनकी राय जानी। विधायक दल की बैठक में एक प्रस्ताव पारित कर कांग्रेस आलाकमान को मुख्यमंत्री के चयन पर निर्णय लेने के लिए अधिकृत किया गया।
कांग्रेस के तीन नेताओं वीडी सतीशन, रमेश चेन्निथला और केसी वेणुगोपाल को मुख्यमंत्री पद का दावेदार माना जा रहा है।
भाषा हक हक नरेश
नरेश
0705 1926 तिरुवनंतपुरम