बंगाल के फाल्टा विधानसभा क्षेत्र में सभी मतदान केंद्र पर 21 मई को पुनर्मतदान का आदेश
सुभाष
- 03 May 2026, 12:27 AM
- Updated: 12:27 AM
कोलकाता/नयी दिल्ली, दो मई (भाषा) निर्वाचन आयोग ने ''लोकतांत्रिक प्रक्रिया के उल्लंघन'' के कारण शनिवार को पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले के फाल्टा विधानसभा क्षेत्र के सभी मतदान केंद्र पर 21 मई को पुनर्मतदान कराने का आदेश दिया।
निर्वाचन आयोग के एक प्रवक्ता ने बताया कि इस निर्वाचन क्षेत्र की मतगणना 24 मई को होगी।
उन्होंने कहा, ''फाल्टा विधानसभा क्षेत्र में 29 अप्रैल को बड़ी संख्या में मतदान केंद्रों पर मतदान के दौरान गंभीर चुनावी गड़बड़ियों और लोकतांत्रिक प्रक्रिया के उल्लंघन को देखते हुए, निर्वाचन आयोग ने निर्देश दिया है कि इस सीट के सभी 285 मतदान केंद्र पर नये सिरे से मतदान कराया जाए।''
अधिकारी ने कहा कि विधानसभा चुनावों के दूसरे चरण में 29 अप्रैल को फाल्टा में हुए मतदान में ''गंभीर चुनावी गड़बड़ियों और लोकतांत्रिक प्रक्रिया के उल्लंघन'' के कारण पुनर्मतदान का आदेश दिया गया है।
आयोग ने कहा कि फाल्टा सीट के सभी मतदान केंद्रों पर 21 मई को सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक पुनर्मतदान होगा, जो ''स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी'' प्रक्रिया सुनिश्चित करने के लिए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच होगा।
आयोग ने अपने आदेश में कहा कि उसने बंगाल के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ), जिला निर्वाचन अधिकारी, और अन्य क्षेत्र अधिकारियों द्वारा प्रस्तुत रिपोर्ट के साथ-साथ पर्यवेक्षकों से प्राप्त जानकारी और उपलब्ध रिकॉर्ड सामग्री का सावधानीपूर्वक अवलोकन करने के बाद यह निर्णय लिया है।
आदेश में कहा गया है कि पर्यवेक्षकों की रिपोर्ट में ''मतदाताओं को डराने-धमकाने, बूथ के अंदर अनाधिकृत उपस्थिति और संभावित छेड़छाड़ के आरोपों को उजागर किया गया है।''
आयोग ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे ''किसी भी प्रकार की गड़बड़ी की पुनरावृत्ति को रोकने'' के लिए पर्याप्त केंद्रीय बलों व सूक्ष्म पर्यवेक्षकों की तैनाती और वेबकास्टिंग सुविधाओं सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं करें।
आयोग ने यह भी निर्देश दिया है कि संपूर्ण चुनावी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी की जाए और कड़ी निगरानी रखी जाए।
भाजपा नेता सुकांत मजूमदार ने इस फैसले का स्वागत किया और कहा कि पुनर्मतदान तृणमूल कांग्रेस के स्थानीय नेता एवं सत्तारूढ़ पार्टी के उम्मीदवार जहांगीर खान के ''अत्याचारों'' पर ''फाल्टा की महिलाओं की जीत'' है।
इस घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया देते हुए तृणमूल के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ''आपके बांग्ला विरोधी गुजराती गिरोह और उनके कठपुतली ज्ञानेश कुमार के लिए मेरे 'डायमंड हार्बर मॉडल' में जरा सी भी सेंध लगाने के लिए 10 जन्म भी पर्याप्त नहीं होंगे।''
उन्होंने कहा, ''अपनी पूरी ताकत लगा दो। मैं केंद्र सरकार को चुनौती देता हूं - फाल्टा आओ। अपने सबसे ताकतवर नेता को भेजो, दिल्ली से किसी एक 'गॉडफादर' को भेजो। अगर हिम्मत है तो फाल्टा में चुनाव लड़ो।''
शुक्रवार को आयोग ने पश्चिम बंगाल की दो विधानसभा सीटों - डायमंड हार्बर और मगराहाट पश्चिम - के 15 मतदान केंद्रों पर दो मई को पुनर्मतदान कराने का आदेश दिया था।
बंगाल विधानसभा चुनाव दो चरणों में, 23 अप्रैल और 29 अप्रैल को हुए हैं। मतगणना चार मई को होगी।
भाषा
शफीक सुभाष
सुभाष
0305 0027 कोलकाता