आप ने केजरीवाल की रिहाई को लेकर भाजपा मुख्यालय के निकट प्रदर्शन किया
आशीष माधव
- 29 Jun 2024, 10:09 PM
- Updated: 10:09 PM
नयी दिल्ली, 29 जून (भाषा) आम आदमी पार्टी (आप) के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की रिहाई की मांग को लेकर यहां दीनदयाल उपाध्याय (डीडीयू) मार्ग स्थित भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के मुख्यालय के निकट प्रदर्शन किया।
दिल्ली की एक अदालत ने शनिवार को कथित आबकारी घोटाले से जुड़े भ्रष्टाचार के एक मामले में केजरीवाल को 12 जुलाई तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया। उन्हें तीन दिन पहले केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने औपचारिक रूप से गिरफ्तार किया था। इससे पहले, आबकारी नीति से जुड़े धन शोधन मामले में केजरीवाल को ईडी ने गिरफ्तार किया था। हाल में उन्हें एक ‘निचली अदालत’ ने जमानत दी थी, जिस पर दिल्ली उच्च न्यायालय ने रोक लगा दी थी।
हाथों में तख्तियां थामे प्रदर्शनकारी डीडीयू मार्ग पर भाजपा मुख्यालय के निकट आप कार्यालय में एकत्र हुए और केजरीवाल की रिहाई की मांग करते हुए भाजपा के खिलाफ नारे लगाए।
केजरीवाल की गिरफ़्तारी के विरोध में आप ने पूरे देश में जगह-जगह प्रदर्शन किए। मुख्य विरोध प्रदर्शन राष्ट्रीय राजधानी में हुआ। पार्टी के शीर्ष नेताओं में राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) संदीप पाठक, राष्ट्रीय महासचिव पंकज गुप्ता, दिल्ली इकाई के संयोजक गोपाल राय और दिल्ली सरकार की मंत्री आतिशी और इमरान हुसैन प्रदर्शन में शामिल हुए।
पुलिस ने जब प्रदर्शनकारियों को मार्च करने से रोका तो वे सड़क पर बैठ गए। राय ने कहा कि भाजपा किसी भी तरह से केजरीवाल को जेल में रखना चाहती है, लेकिन चाहे वह लाख कोशिश कर ले, वह एक दिन जेल से बाहर आ ही जाएंगे।
उन्होंने कहा, ‘‘देश के लोगों को भरोसा था कि चुनाव के बाद मोदी सरकार बदल जाएगी, लेकिन वह अपनी तानाशाही जारी रखना चाहती है।’’ उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ‘‘केजरीवाल से नफरत करती है, क्योंकि उन्हें उनकी उपलब्धियों के लिए नायक के तौर पर देखा जाता है।’’
राय ने भाजपा से सवाल किया कि निचली अदालत से जमानत मिलने के बाद भी केजरीवाल को सीबीआई ने क्यों गिरफ्तार किया।
इस बीच, भाजपा की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि राउज एवेन्यू अदालत द्वारा केजरीवाल को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजने का मतलब है कि कानून अपना काम कर रहा है और अदालत जांच एजेंसी द्वारा पेश किए गए सबूतों के आधार पर अपना फैसला सुना रही है।
उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘आप दिल्ली में बारिश के कारण हुए जलभराव से दिल्लीवासियों का ध्यान हटाने को लेकर एक भ्रष्ट व्यक्ति को बचाने के लिए प्रदर्शन कर रही है।’’
देश के कई हिस्सों में आप कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया। आप नेताओं ने कहा कि इस देशव्यापी विरोध प्रदर्शन का उद्देश्य यह संदेश देना था कि देश संविधान से चलेगा, तानाशाही से नहीं।
पांच दिनों की भूख हड़ताल के बाद अस्वस्थ होने के बावजूद दिल्ली की मंत्री आतिशी भी विरोध प्रदर्शन में शामिल हुईं।
भाषा आशीष