आंध्र प्रदेश: हनी-ट्रैप के जरिए वसूली करने वाला गिरोह पकड़ा गया, पांच गिरफ्तार
नरेश
- 23 Apr 2026, 08:07 PM
- Updated: 08:07 PM
अनंतपुर (आंध्र प्रदेश), 23 अप्रैल (भाषा) आंध्र प्रदेश पुलिस ने अनंतपुर ग्रामीण मंडल में हनी-ट्रैप के जरिए धन उगाही करने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
हनी ट्रैप का अर्थ है किसी को प्रेम जाल या शारीरिक प्रलोभन में फंसाकर, उसकी आपत्तिजनक तस्वीरें या वीडियो बनाना और फिर उन्हें सार्वजनिक करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करना या जबरन वसूली करना।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गिरोह की सरगना मामिलापल्ली रंगाम्मा, डब्बारा राजेश, मंगला जयालक्ष्मी, चंद्रकला और अनंतकुमारी के रूप में हुई है।
अनंतपुर ग्रामीण के पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) टी. वेंकटेशुलु ने संवाददाताओं को बताया, "हमने एक हनी-ट्रैप गिरोह का भंडाफोड़ किया है, जो पीड़ितों को मीठी बातों में फंसाने के लिए जाल बिछाते थे। इसके बाद, पीड़ितों की आपत्तिजनक तस्वीरें सार्वजनिक करने और जान से मारने की धमकी देकर उनसे वसूली करते थे।"
डीएसपी ने बताया कि यह मामला 18 अप्रैल को बेंगलुरु के रहने वाले 24 वर्षीय के. उदय भास्कर रेड्डी द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के बाद सामने आया। शिकायतकर्ता ने बताया कि करीब पांच महीने पहले, आरोपी जयालक्ष्मी उसे ड्रोन सर्वे के बहाने भाग्यनगर स्थित एक घर में ले गई। वहां राजेश और अन्य महिला आरोपियों ने कथित तौर पर उसके साथ मारपीट की, उसके कपड़े उतरवाए और आपत्तिजनक तस्वीरें खींचीं।
वेंकटेशुलु ने कहा कि मुख्य आरोपी रंगाम्मा ने घर में घुसकर पीड़ित को जान से मारने की धमकी दी और मामले को गोपनीय रखने के लिए चार लाख रुपये मांगे। रंगाम्मा ने चेतावनी दी थी कि पैसे न देने पर तस्वीरों को सार्वजनिक कर दिया जाएगा।
पीड़ित ने डर के कारण अपने परिचितों से व्यवस्था कर चार लाख रुपये आरोपियों को दे दिए।
जांच में पता चला है कि यह गिरोह इसी तरह के तौर-तरीकों का इस्तेमाल कर करीब 20 लोगों को अपना शिकार बना चुका है और अब तक लगभग एक करोड़ रुपये की वसूली कर चुका है।
आरोपियों के पास से 13 लाख रुपये नकद, एक करोड़ रुपये से अधिक के संदिग्ध लेनदेन के दस्तावेज, दो चाकू बरामद किए गए हैं।
पुलिस ने गिरोह के सभी पांच सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया है। मुख्य आरोपी रंगाम्मा को पहले ही न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया था, जबकि अन्य चार को 23 अप्रैल को गिरफ्तार किया गया।
डीएसपी ने बताया कि रंगाम्मा के खिलाफ पहले भी लगभग 10 मामले दर्ज हैं, जबकि अन्य आरोपियों पर भी अनंतपुर और तिरुपति जिलों में मामले दर्ज हैं।
मामले की जांच जारी है।
भाषा सुमित नरेश
नरेश
2304 2007 अनंतपुर