राजस्थान : मुख्यमंत्री ने गैस सिलेंडर की जमाखोरी व कालाबाजारी पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए
पृथ्वी रवि कांत
- 14 Mar 2026, 11:14 PM
- Updated: 11:14 PM
जयपुर, 14 मार्च (भाषा) राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने अधिकारियों को रसोई गैस (एलपीजी) सिलेंडर की वितरण प्रणाली पर कड़ी निगरानी रखने और इसकी जमाखोरी व कालाबाजारी जैसी गतिविधियों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
शर्मा ने कहा कि राज्य में घरेलू एलपीजी सिलेंडर की आपूर्ति के लिए कोई कमी नहीं है तथा आम उपभोक्तओं को इसकी निर्बाध आपूर्ति जारी है।
आधिकारिक बयान के अनुसार मुख्यमंत्री कार्यालय में आयोजित बैठक में शर्मा ने अधिकारियों से कहा कि आम जनता में घरेलू एलपीजी की पर्याप्त उपलब्धता को लेकर विश्वास बनाए रखा जाए तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता अथवा दुरुपयोग पाए जाने पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई की जाए।
शर्मा ने निर्देश दिए कि हेल्पलाइन नंबर 181, 112 और 14435 पर प्राप्त होने वाली शिकायतों का भी त्वरित और प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए।
साथ ही, उन्होंने अफवाह एवं भ्रामक सूचना फैलाने वालों पर निगरानी रखते हुए सख्त से सख्त कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए।
इस बैठक में खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री सुमित गोदारा ने बताया कि राज्य सरकार की ओर से एलपीजी की आपूर्ति व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं।
गोदारा ने बताया कि एलपीजी की उपलब्धता से लेकर आपूर्ति तक की निगरानी की जा रही है तथा जमीनी स्तर पर अधिकारियों की टीमों द्वारा निरीक्षण एवं कार्रवाइयां की जा रही हैं।
बैठक में तेल कंपनियों के प्रतिनिधियों ने एलपीजी के भंडारण व आपूर्ति की जानकारी दी।
एक अन्य बैठक में मुख्यमंत्री शर्मा ने गर्मी के मौसम में पेयजल आपूर्ति की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि गर्मी में आमजन को पेयजल के लिए कोई परेशानी नहीं हो इसके लिए विभागीय अधिकारी एवं जिलाधिकारी तैयार योजना के अनुसार हर गांव और हर कस्बे में प्रभावी निगरानी कर पेयजल का प्रबंधन सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि गर्मी को देखते हुए निर्बाध पेयजल आपूर्ति के लिए नए हैण्डपम्प, नलकूप लगाने के साथ ही पुराने हैण्डपम्प व नलकूपों की मरम्मत, पाइपलाइनों को दुरस्त करने सहित सभी कार्य समय से पहले हर हाल में पूरे किए जाएं। इन कार्यों में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरती जाए।
भाषा
पृथ्वी रवि कांत
1403 2314 जयपुर