अमेरिका में रहने वाली अपनी पत्नी से 60 लाख रुपये और सोना वसूलने के आरोप में एक व्यक्ति गिरफ्तार
वैभव
- 18 Feb 2026, 10:55 PM
- Updated: 10:55 PM
सूरत, 18 फरवरी (भाषा) सूरत पुलिस ने अमेरिका में रहने वाली अपनी पत्नी से 60 लाख रुपये और सोने के आभूषण जबरन वसूलने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। उसकी पत्नी मूल रूप से गुजरात की रहने वाली है, जिससे उससे ऑनलाइन शादी की थी। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि आरोपी ने कथित तौर पर हैदराबाद में महिला के आवासीय फ्लैट पर भी कब्जा कर लिया था।
पीड़िता के भाई द्वारा दर्ज कराई गई प्राथमिकी के अनुसार, महिला की पहले 2014 में किसी अन्य व्यक्ति से शादी हुई थी और उस व्यक्ति को एक आईटी कंपनी में नौकरी मिलने के बाद वे दोनों अमेरिका चले गए थे। शादी के दौरान हैदराबाद में एक फ्लैट महिला के नाम पर खरीदा गया था।
वैवाहिक विवाद के बाद, दंपति ने 2020 में तलाक ले लिया और अमेरिका में अलग-अलग रहने लगे।
पुलिस के अनुसार, महिला का 2023 में कपड़ों की एक दुकान में काम करने वाले सूरत निवासी एजाज पटेल से संपर्क हुआ था। दुकान से ऑनलाइन कपड़े मंगवाने के बाद उनकी जान-पहचान रिश्ते में बदल गई।
दोनों की मुलाकात जनवरी 2024 में हैदराबाद में हुई, जहां वह लगभग 20 दिनों तक रुकी रही। इस दौरान पटेल ने कथित तौर पर उसका विश्वास जीता और उनके हैदराबाद वाले फ्लैट की चाबियां अपने कब्जे में ले लीं।
शिकायत के अनुसार, मार्च 2024 में पटेल कथित तौर पर उसे सऊदी अरब ले गया, जहां महिला ने इस्लाम धर्म अपना लिया। वह जब अमेरिका लौट गयी तो दोनों ने ऑनलाइन शादी कर ली।
छह महीने बाद पटेल ने कथित तौर पर उस पर दबाव डालना शुरू कर दिया कि वह उसे अमेरिका बुला ले। हालांकि, वह वीजा प्राप्त करने में असमर्थ रहा।
पुलिस के अनुसार, प्राथमिकी में कहा गया है कि पटेल ने इसके बाद व्हाट्सएप और ईमेल के जरिए महिला से पैसे की मांग करना और उसे ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। शादी के बाद कथित तौर पर लगभग 60 लाख रुपये उसे हस्तांतरित किए गए थे।
पटेल ने 2025 में कथित तौर पर उस महिला को इंडोनेशिया बुलाया, जहां वे छह दिन तक रहे। बाद में पटेल के अनुरोध पर महिला के भाई ने लगभग 18 तोला सोने के आभूषण सूरत स्थित पटेल के आवास पर पहुंचाए, ताकि उन्हें अमेरिका में उसकी बहन को भेजा जा सके। आरोप है कि आभूषण कभी नहीं भेजे गए।
पुलिस के मुताबिक, जब महिला ने अपने पैसे, सोना और फ्लैट की चाबियां वापस मांगीं तो पटेल ने कथित तौर पर उसके साथ दुर्व्यवहार किया, उसे धमकी दी और संपत्ति लौटाने से इनकार कर दिया।
महिला के भाई द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
भाषा
शुभम वैभव
वैभव
1802 2255 सूरत