हरियाणा: अंबाला में पुलिसकर्मी ने 'नशे की हालत' में कार से महिला को कुचला, मौत
पवनेश
- 12 Feb 2026, 09:28 PM
- Updated: 09:28 PM
अंबाला, 12 फरवरी (भाषा) हरियाणा के अंबाला में एक पुलिस हेड कांस्टेबल ने कथित तौर पर नशे की हालत में अपनी कार से एक ई-रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी, जिसके बाद सड़क पर जा गिरी महिला की कार से कुचलकर मौत हो गई। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि पुलिसकर्मी अमित कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसकी कार जब्त कर ली गई है। घटना बुधवार शाम को काली पलटन ब्रिज के पास हुई।
अधिकारियों ने कहा कि मृतक महिला की पहचान अंबाला की निवासी निकिता बजाज के रूप में हुई, जो गुरुग्राम में एक कंपनी में कार्यरत थीं।
अधिकारियों के अनुसार वह बुधवार को अपने भाई हर्ष बजाज के साथ दिल्ली से अंबाला आई थीं।
उन्होंने बताया कि बुधवार रात लगभग 8:30 बजे दोनों भाई-बहन परिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए छावनी क्षेत्र से अंबाला शहर जाने के लिए ई-रिक्शा में बैठे।
अधिकारियों ने कहा कि अंबाला शहर के पास एक कार ने पीछे से रिक्शा को टक्कर मार दी। कार कथित तौर पर कुमार चला रहा था।
उन्होंने बताया कि टक्कर लगने के कारण रिक्शा अनियंत्रित हो गई और निकिता सड़क पर जा गिरीं, जिसके बाद कार ने उन्हें कुचल दिया और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई।
अधिकारियों ने कहा कि उन्हें अंबाला के सिविल अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
ई-रिक्शा चालक रविंदर सिंह ने पत्रकारों से कहा कि उन्होंने बस टर्मिनस से चार यात्रियों को रिक्शा में बिठाया था और अंबाला शहर की ओर जा रहे थे, तभी पीछे से कार ने टक्कर मार दी।
उन्होंने कहा, "पुलिसकर्मी की कार की रफ्तार बहुत तेज थी। टक्कर के कारण महिला सड़क पर गिर गई और कार ने उसे कुचल दिया।"
सिंह ने कहा कि कुछ स्थानीय लोग घटनास्थल पर इकट्ठा हुए और कार चालक को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया।
पराओ थाने के प्रभारी धरमबीर ने बताया कि इस संबंध में भारतीय दंड संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
उन्होंने कहा कि हेड कांस्टेबल अमित कुमार बालदेव नगर पुलिस चौकी में तैनात हैं।
उन्होंने कहा, "हमने परिवार के बयान दर्ज किए और प्राथमिकी दर्ज की। हेड कांस्टेबल अमित को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसका मेडिकल परीक्षण अस्पताल में कराया गया है।"
जब पूछा गया कि महिला के परिजनों का आरोप है कि पुलिसकर्मी नशे में था, तो थाना प्रभारी ने कहा, " उसके मुंह से शराब की गंध आ रही थी और चिकित्सकों ने भी अपनी रिपोर्ट में इसका उल्लेख किया है। हमने उसके खून के नमूने प्रयोगशाला में भेजे हैं और जांच परिणाम बाद में साझा किया जाएगा।"
थाना प्रभारी ने कहा कि नशे में गाड़ी चलाने के आरोप में पुलिसकर्मी के खिलाफ कानून के अनुसार उचित कार्रवाई की जाएगी।
निकिता के पिता जसपाल बजाज ने मामले में सख्त कानूनी कार्रवाई और निष्पक्ष जांच की मांग की। उन्होंने हेड कांस्टेबल पर लापरवाही का आरोप लगाया।
रात तक अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में तनाव बना रहा क्योंकि परिजन और अन्य लोग प्रदर्शन करते रहे।
उन्होंने आरोपी का मेडिकल परीक्षण मीडिया की उपस्थिति में कराने की मांग की। उनका आरोप था कि पुलिसकर्मी घटना के समय नशे में था।
स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया।
निकिता के परिवार के अनुसार, वह गुरुग्राम में काम करती थीं जबकि उनका भाई दिल्ली के एक होटल में सुपरवाइजर के रूप में कार्यरत है।
थाना प्रभारी धरमबीर ने कहा कि सिविल अस्पताल में पोस्टमॉर्टम कराकर शव परिवार को सौंप दिया गया।
भाषा जोहेब पवनेश
पवनेश
1202 2128 अंबाला