उत्तराखंड: देहरादून में दिन दहाड़े व्यवसायी की हत्या, विपक्ष ने कहा 'कानून-व्यवस्था ध्वस्त'
जितेंद्र
- 11 Feb 2026, 09:23 PM
- Updated: 09:23 PM
देहरादून, 11 फरवरी (भाषा) उत्तराखंड के देहरादून में बुधवार को दिनदहाड़े एक प्रमुख गैस एजेंसी के मालिक की स्कूटी सवार दो अज्ञात बदमाशों ने कथित तौर पर गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
शहर में दस दिन के भीतर हत्या की इस दूसरी वारदात से शहर में सनसनी फैल गयी जबकि विपक्षी कांग्रेस ने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं और कानून-व्यवस्था की स्थिति बुरी तरह चरमरा गयी है।
देहरादून के पुलिस अधीक्षक (नगर) प्रमोद कुमार ने बताया कि तिब्बती मार्केट में बने मंदिर के बाहर पूर्वाह्न करीब साढ़े 10 बजे यह घटना उस समय हुई, जब बसंत विहार क्षेत्र के इंदिरा नगर निवासी अर्जुन शर्मा (42) रोज की तरह टेनिस खेलकर स्टेडियम से बाहर आने के बाद घर जाने के लिए कार में बैठने वाले थे।
उन्होंने बताया कि इसी दौरान स्कूटी पर सवार होकर आए दो अज्ञात बदमाशों ने उन पर गोलियां चला दीं।
अधिकारी ने बताया कि शर्मा को तत्काल दून अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्होंने दम तोड़ दिया।
शर्मा, अमरदीप गैस एजेंसी के मालिक थे।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए और उनकी तलाश की जा रही है।
उन्होंने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए देहरादून के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अजय सिंह ने तत्काल अलग-अलग टीम का गठन किया और पूरे जिले में लगातार सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है।
पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला कि शर्मा के परिवार में विवाद था और इसी कारण उनकी मां ने उत्तराखंड उच्च न्यायालय से यह हवाला देते हुए सुरक्षा हासिल की थी कि उन्हें अपने बेटे से जान का खतरा है।
इसी बीच, मृतक की पत्नी अभिलाषा शर्मा ने अपनी सास बीना शर्मा सहित चार लोगों पर अपने पति की हत्या करवाने का शक जताते हुए पुलिस को एक तहरीर सौंपी है, जिसके आधार पर उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
अभिलाषा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनकी सास का विनोद उनियाल, उनकी पत्नी संगीता उनियाल और एसके मैमोरियल अस्पताल के मालिक डॉ. अजय खन्ना के साथ रुपये का लेन-देन होता था, जिसका उनके पति अर्जुन शर्मा विरोध करते थे और इसी बात को लेकर उनका अपनी मां से विवाद था।
शिकायत में इसी विवाद के कारण उनके पति की हत्या का शक जताया गया है।
पुलिस ने बताया कि शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, मृतक के परिजनों ने पूछताछ में यह भी बताया कि आरोपियों के साथ शर्मा का करीब 40-42 करोड़ रुपये के लेन-देन को लेकर विवाद था।
देहरादून शहर में सिर्फ 10 दिन के अंतराल में यह हत्या का दूसरा मामला है।
इससे पहले, दो फरवरी को मच्छी बाजार में एक युवक ने धारदार हथियार से गला रेतकर 22 वर्षीय युवती की हत्या कर दी थी।
वहीं, घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस महानिरीक्षक (गढ़वाल रेंज) राजीव स्वरूप ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और देहरादून के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को आरोपियों को गिरफ्तार करने व भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस रणनीति तैयार करने को कहा।
कांग्रेस की उत्तराखंड इकाई के अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि एक के बाद एक राजधानी में सरेआम हत्याएं होना इस बात का प्रमाण है कि अपराधियों के हौसले बुलंद हैं और प्रदेश की कानून-व्यवस्था बुरी तरह चरमरा गयी है।
गोदियाल ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पर आरोप लगाया कि वह पुलिस का उपयोग जनता के हित में नहीं बल्कि अपने हित साधने के लिए कर रहे हैं।
उन्होंने कहा, "पुलिस, मुख्यमंत्री और उनकी पार्टी के राजनीतिक हितों को साधने में लगी हुई है जबकि कानून-व्यवस्था धवस्त है। महिलाओं के प्रति अपराध बढ़े हैं, एक के बाद एक हत्याएं हो रही हैं। अपराधियों के हौसले बुलंद हैं लेकिन सरकार कुछ करने को तैयार नहीं है।"
कांग्रेस नेता ने कहा कि उनकी पार्टी 16 फरवरी को राज्य सरकार की विफलताओं के विरोध में लोक भवन घेराव कार्यक्रम करेगी।
वहीं भाजपा ने कहा कि राज्य सरकार जन सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है और हर अपराधी को कानून के दायरे में लाया जाएगा।
भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने कहा, "कुछ दुखद घटनाएं सामने आयी हैं लेकिन हर वारदात के बाद अपराधी सलाखों के पीछे भेजा गया है। आज (बुधवार को) हुए हत्याकांड का भी पुलिस जल्द खुलासा करेगी और अपराधी जेल में होंगे।"
भाषा दीप्ति जितेंद्र
जितेंद्र
1102 2123 देहरादून