कांग्रेस गठबंधन के लिए वार्ता को तैयार, द्रमुक ने अब तक सीट-बंटवारा समिति नहीं बनायी : गिरीश चोडणकर
अविनाश
- 10 Feb 2026, 10:29 PM
- Updated: 10:29 PM
चेन्नई, 10 फरवरी (भाषा) कांग्रेस के तमिलनाडु और पुडुचेरी मामलों के प्रभारी गिरीश चोडणकर ने आगामी (तमिलनाडु) विधानसभा चुनाव से पहले वार्ता के लिए सीट-बंटवारा समिति के गठन में द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) द्वारा की जा रही 'देरी' पर चिंता व्यक्त की।
उन्होंने कहा कि हालांकि उन्होंने मुख्यमंत्री एम के स्टालिन से मुलाकात की थी और कांग्रेस की ओर से बातचीत शुरू की थी, लेकिन द्रमुक ने चर्चा शुरू करने के लिए अभी तक अपनी समिति गठित नहीं की है।
उन्होंने पिछले साल दिसंबर में द्रमुक अध्यक्ष स्टालिन से भेंट की थी।
चोडणकर ने राष्ट्रीय राजधानी में पत्रकारों से कहा, ''हम तब से इस उम्मीद में इंतजार कर रहे हैं कि वे (द्रमुक के नेता) तुरंत बातचीत शुरू करेंगे और सीट की संख्या और निर्वाचन क्षेत्रों के बारे में स्थिति स्पष्ट करेंगे ताकि हम चुनाव के लिए तैयारी कर सकें।''
उन्होंने द्रमुक द्वारा समिति का गठन न करने और बातचीत शुरू न करने को 'दुखद' बताया तथा कहा, ''हमारे नेता उत्सुक हैं और पूछ रहे हैं कि गठबंधन को लेकर बातचीत शुरू क्यों नहीं हुई है। लेकिन द्रमुक की ओर से कुछ भी सामने नहीं आ रहा है।''
उन्होंने कहा कि चुनाव नजदीक आने के साथ ही पार्टी को चुनाव की तैयारियों के लिए पर्याप्त समय चाहिए। उन्होंने कहा कि उन्हें नहीं पता कि देरी क्यों हो रही है।
चोडणकर ने एक सवाल के जवाब में कहा, ''हम द्रमुक को दोष नहीं दे रहे हैं। यहा आरोप-प्रत्यारोप का कोई खेल नहीं है। हम तथ्य प्रस्तुत कर रहे हैं। हम पिछले 70 दिन से इसका इंतजार कर रहे हैं।''
इस मौके पर मौजूद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के. सेल्वापेरुंथगई ने जल्दी से जल्दी बातचीत शुरू किये जाने पर जोर दिया।
उन्होंने कहा, '' हमारी तरफ से कोई भ्रम नहीं है। द्रमुक ने सीट बंटवारे पर चर्चा के लिए समिति का गठन नहीं किया है। हमने अपने नेताओं को बताया था कि अंतिम समय में सीट की संख्या तय करना और निर्वाचन क्षेत्रों का निर्धारण करना चुनाव तैयारियों को ही प्रभावित करेगा।''
इससे पहले, राहुल गांधी के साथ बातचीत के लिए नव नियुक्त जिला अध्यक्षों के साथ तमिलनाडु के वरिष्ठ नेता नयी दिल्ली पहुंचे।
यह मुलाकात द्रविड मुनेत्र कषगम (द्रमुक) की उप महासचिव कनिमोई द्वारा हाल ही में दिल्ली में राहुल गांधी से मिलने के तुरंत बाद हुई है। कनिमोई ने इन खबरों के बीच राहुल से भेंट की कि कांग्रेस के कुछ नेता सत्ता में हिस्सेदारी मांग रहे हैं।
जिला अध्यक्ष प्रशिक्षण सत्र के लिए दिल्ली आये हैं।
भाषा राजकुमार अविनाश
अविनाश
अविनाश
1002 2229 चेन्नई