जीबीए चुनावों की तैयारियों के लिए भाजपा ने बैठक की
दिलीप
- 07 Feb 2026, 09:52 PM
- Updated: 09:52 PM
बेंगलुरु, सात फरवरी (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की कर्नाटक इकाई ने शनिवार को ग्रेटर बेंगलुरु अथॉरिटी (जीबीए) के अंतर्गत आने वाले पांच नगर निकायों के आगामी चुनावों की तैयारियों को लेकर बैठक की और सभी निगमों में जीत का भरोसा जताया।
पार्टी ने यह भी संकेत दिया कि जीबीए चुनावों को लेकर आगे की रणनीति पर सहयोगी जनता दल (सेक्युलर) के साथ आने वाले दिनों में चर्चा की जाएगी।
यह बैठक यहां पार्टी कार्यालय में हुई, जिसमें जीबीए चुनाव प्रभारी राम माधव, सह-प्रभारी सतीश पूनिया और संजय उपाध्याय, प्रदेश अध्यक्ष बी वाई विजयेंद्र, वरिष्ठ नेता बी एस येदियुरप्पा, विधानसभा और विधान परिषद में विपक्ष के नेता क्रमश: आर अशोक और चालवाड़ी नारायणस्वामी, विधायक, सांसद और शहर इकाई के पदाधिकारी मौजूद रहे।
विजयेंद्र ने बैठक के बाद संवाददाताओं से कहा, "चुनाव जब भी हों, कांग्रेस की साजिशों के बावजूद भाजपा जीबीए के तहत आने वाले सभी पांच निगमों में जीत हासिल करेगी। परिस्थितियां और अवसर पार्टी के पक्ष में हैं।"
उन्होंने बताया कि बैठक में उम्मीदवार चयन प्रक्रिया को जल्द शुरू करने और वरिष्ठ नेताओं की एक टीम गठित कर सहयोगी दल जद (एस) से बातचीत करने पर भी चर्चा हुई।
विजयेंद्र ने बताया कि 28 फरवरी और एक मार्च को जीबीए के तहत आने वाले सभी पांच निगमों के पार्टी नेताओं की अलग बैठक बुलाई जाएगी।
उन्होंने कहा, "स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं की राय लेकर तथा उम्मीदवार चयन प्रक्रिया पर चर्चा कर आगे बढ़ने का फैसला किया गया है।"
भाजपा की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि कभी 'गार्डन सिटी' के रूप में पहचाना जाने वाला बेंगलुरु आज "कचरा शहर" बनता जा रहा है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार और प्रभारी मंत्री तथा उपमुख्यमंत्री डी के शिवकुमार ने शहर के विकास को प्राथमिकता नहीं दी।
उन्होंने कहा, "बेंगलुरु एक विश्व-प्रसिद्ध शहर है। इसके बावजूद सरकार द्वारा विकास की अनदेखी किया जाना दुर्भाग्यपूर्ण है।"
विजयेंद्र ने कहा कि सरकार गड्ढों की समस्या तक का समाधान नहीं कर पा रही है और अब सुरंग सड़कों की बात कर रही है। उन्होंने बढ़ती महंगाई का मुद्दा भी उठाया।
उन्होंने कहा, "इन सभी कारणों से बेंगलुरु की जनता कांग्रेस सरकार से बेहद निराश है।"
भाषा राखी दिलीप
दिलीप
0702 2152 बेंगलुरु